खाली ट्रक बेकाबू होकर रिहायशी इलाके में घुसा, 17 बकरियों की मौत, तीन मकान क्षतिग्रस्त !

Spread the love

शनिवार देर रात उत्तर प्रदेश के ललितपुर से खिमलासा की ओर आ रहा एक खाली ट्रक ग्राम भरछा में बेकाबू होकर रिहायशी इलाके में घुस गया। अनियंत्रित ट्रक तीन मकानों से टकराने के बाद रुका। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान के बाहर बंधी 17 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

जानकारी के अनुसार चंद्रभान चढ़ार के मकान के बाहर बंधी सभी 17 बकरियां ट्रक की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौत हो गई। ट्रक की टक्कर से चंद्रभान चढ़ार, हन्नू चढ़ार और किशन पटेल के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। पास स्थित माता मंदिर के तीन गुंबद भी हादसे में टूट गए। दुर्घटना में ट्रक चालक घायल हो गया, जिसे डायल 112 की मदद से तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल ने बताया कि ट्रक क्रमांक यूपी 94 टी 6498 गांव के एक तीखे मोड़ पर चालक का नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने मोड़ पर संकेतक और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *