खुरई। सागर जिले के खुरई शहरी थाना क्षेत्र स्थित ऑफीसर कॉलोनी में रविवार रात एक युवक द्वारा शराब के नशे में जहरीला पदार्थ खा लेने का मामला सामने आया है। युवक की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद सागर रेफर किया गया है।
नशे में उठाया कदम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगदीश (32) पिता रामकिशन कोरी ने शराब के नशे में यह कदम उठाया। देर रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे तत्काल सिविल अस्पताल खुरई लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उसे सागर रेफर कर दिया गया।

बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती
युवक को आगे के उपचार के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और निगरानी में रखा गया है।
कारण अभी स्पष्ट नहीं
परिजनों ने बताया कि जगदीश मकानों में पट्टी और पेंटिंग का काम करता है। घटना के समय वह शराब के नशे में था। उन्होंने बताया कि उसने कौन सा जहरीला पदार्थ खाया और क्यों खाया, इस बारे में उसने कुछ नहीं बताया। परिवार के अनुसार अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया।

पुलिस को नहीं मिली आधिकारिक सूचना
खुरई शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि सिविल अस्पताल से अभी तक मामले की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि युवक के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।