पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि “खुरई विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा का ऐसा माहौल तैयार किया गया है कि यहां के विद्यार्थी भविष्य में देश और दुनिया में अपना नाम रोशन करेंगे।” वे रविवार को पं. केसी शर्मा उत्कृष्ट विद्यालय, खुरई में आयोजित निशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
शिक्षा ही भविष्य की नींव – भूपेन्द्र सिंह
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि किसी भी देश, प्रदेश और परिवार का भविष्य बच्चे होते हैं। शिक्षा की व्यवस्था जितनी मजबूत होगी, देश उतनी तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं चला रही हैं। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों द्वारा थोपी गई शिक्षा व्यवस्था केवल क्लर्क तैयार करती थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लागू की गई नई शिक्षा नीति के तहत अब युवाओं को कौशल आधारित, प्रोफेशनल शिक्षा मिल रही है। देशभर में मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, आईआईएम और कौशल विकास योजनाओं के जरिए विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं।

खेल और कौशल विकास पर भी जोर
पूर्व गृहमंत्री ने कहा कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को खेलकूद और अन्य गतिविधियों में भी हिस्सा लेना चाहिए। आज की पढ़ाई प्रोफेशनल आधारित है, इसलिए कौशल विकास आवश्यक है। इसी दिशा में खुरई में लगातार सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं।
खुरई का बदलता स्वरूप
भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि “आज से 12 साल पहले खुरई की स्थिति सब जानते हैं। अब खुरई विकास के क्षेत्र में प्रदेश में नंबर वन है।” उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि—
- खुरई स्वच्छता में प्रदेश में नंबर-1 और देश में सातवें स्थान पर है।
- एक ही दिन में 61 हजार वृक्षारोपण कर खुरई ने रिकॉर्ड कायम किया।
- भारत सरकार की टीम ने खुरई के सरकारी अस्पताल को प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ घोषित किया।
- अकेले खुरई में 22 पार्क, पांच स्टेडियम और एक बड़ा स्टेडियम निर्माणाधीन है।
- पं. केसी शर्मा विद्यालय में पहले से आईटी लैब और इंडोर स्टेडियम उपलब्ध हैं।
- खुरई में मेडिकल कॉलेज और यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए जमीन आरक्षित कर ली गई है।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित खुरई
उन्होंने बताया कि खुरई में आज बैडमिंटन कोर्ट, जिम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। अभी चार नए जिम बनाए जा रहे हैं, जिनमें से दो विशेष रूप से बच्चियों के लिए होंगे।
इतना ही नहीं, खुरई के किले का कायाकल्प, डोहेला महोत्सव की पहचान, ऑडिटोरियम, अंबेडकर म्यूजियम, तालाब का सौंदर्यीकरण और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 15 हजार आवास निर्मित होना यहां की बड़ी उपलब्धियां हैं।
सिंह ने कहा कि बीना नदी परियोजना और तीन बड़े बांधों से खुरई क्षेत्र को स्थायी पानी की आपूर्ति होगी।
गणेशोत्सव पर विशेष
भूपेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों और नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि 27 अगस्त से गणेश चतुर्थी का पर्व प्रारंभ हो रहा है। गणेश जी विनय और बुद्धि के देवता हैं तथा हमारी संस्कृति और एकता के प्रतीक हैं। इसलिए इस वर्ष सभी विद्यालयों में भगवान गणेश की स्थापना कर उत्साहपूर्वक पर्व मनाएं। उन्होंने आग्रह किया कि गणेश प्रतिमाओं की स्थापना स्वदेशी तकनीक के आधार पर करें।
कार्यक्रम में रही बड़ी उपस्थिति
कार्यक्रम में हेमचंद बजाज, राहुल चौधरी, देशराज यादव, जमना प्रसाद अहिरवार, बलराम यादव, राजपाल सिंगपुर, रवीन्द्र राजपूत नरोदा, प्रवीण जैन गढ़ौला, इन्द्राज सिंह ठाकुर, कमलेश सिंह ठाकुर, गब्बर सिंह ठाकुर, राजू चंदेल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, विद्यालय स्टाफ और नागरिक उपस्थित रहे।
भूपेन्द्र सिंह ने स्पष्ट किया कि उनका सपना है कि “खुरई विधानसभा क्षेत्र के बच्चे देश-दुनिया में अपनी प्रतिभा का परचम लहराएं।” शिक्षा, खेल, कौशल विकास और आधुनिक संसाधनों के विस्तार से खुरई को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

