खुरई के सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में चोरी: एलईडी टीवी और इनवर्टर बैटरी ले गए चोर, दस्तावेजों को भी खंगाला

Spread the love

बीना/खुरई।
सागर जिले के खुरई में सोमवार-मंगलवार दरमियानी रात चोरों ने सब-रजिस्ट्रार कार्यालय को निशाना बनाया। चोर ताला तोड़कर अंदर घुसे और लाखों रुपए का सामान चोरी कर ले गए। वारदात में चोरों ने कार्यालय से दो एलईडी टीवी, इनवर्टर और बैटरी चुरा ली। इतना ही नहीं, उन्होंने अंदर रखी तीन अलमारियों के ताले तोड़कर दस्तावेजों को भी खंगाला, हालांकि उन्हें कोई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड हाथ नहीं लगा।


शराब पीकर दिया वारदात को अंजाम

सूत्रों के मुताबिक, चोरों ने चोरी की योजना को अंजाम देने से पहले वहीं बैठकर शराब पी। इसके बाद देर रात आराम से कार्यालय का ताला तोड़ा और वारदात को अंजाम दिया।


सुबह स्टाफ को टूटा ताला मिला

अगली सुबह करीब 10 बजे जब कार्यालय स्टाफ पहुंचा तो उन्हें टूटा हुआ ताला और बिखरे दस्तावेज मिले। इस पर तुरंत सब-रजिस्ट्रार राजकुमार अहिरवार को सूचना दी गई। वे मौके पर पहुंचे और चोरी गए सामान की सूची तैयार कर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।


सुरक्षा इंतजामों पर सवाल

सब-रजिस्ट्रार कार्यालय एसडीएम कार्यालय के ठीक सामने स्थित है, लेकिन इसके बावजूद यहां न तो सीसीटीवी कैमरे लगे थे और न ही रात में कोई चौकीदार तैनात था। सुरक्षा इंतजामों की इस लापरवाही ने चोरों को वारदात का मौका दिया।


लोगों में बढ़ी चिंता

स्थानीय नागरिकों और कर्मचारियों का कहना है कि खुरई और बीना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अब तो सरकारी दफ्तर भी सुरक्षित नहीं बचे। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में गश्त बढ़ाई जाए और सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाए।


पुलिस ने शुरू की जांच

शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिंगरप्रिंट और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *