खुरई। शहर के सागर रोड स्थित ग्रामीण बिजली कंपनी के कार्यालय में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां 4 मार्च की सुबह करीब 5 बजे 10 से 12 की संख्या में महिलाओं और बच्चों के समूह ने कार्यालय परिसर में घुसकर लगभग 50 हजार रुपए मूल्य का सामान चोरी कर लिया। घटना का खुलासा गुरुवार को तब हुआ, जब अवकाश के बाद कर्मचारी ड्यूटी पर लौटे और सामान की जांच की गई।
जानकारी के अनुसार, कार्यालय में रखे पुराने बिजली मीटर, लोहे के ऐंगल और अन्य कीमती सामान को अज्ञात लोग चोरी कर ले गए। जब कर्मचारियों ने सामान की तलाश की तो वह नहीं मिला, जिसके बाद कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि महिलाएं और बच्चे बड़ी-बड़ी बोरियां लेकर कार्यालय परिसर में पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने वहां रखे पुराने मीटर, लोहे के ऐंगल और अन्य सामग्री को बोरियों में भरकर ले गए। पूरी घटना कैमरों में कैद हो गई है।
ग्रामीण क्षेत्र के इंजीनियर राहुल सिंह ने बताया कि शाम के समय जब पुराने सामान की आवश्यकता पड़ी और उसे ढूंढा गया, तब चोरी की घटना का पता चला। इसके बाद कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें चोरी की पूरी वारदात सामने आई।
घटना के बाद इंजीनियर राहुल सिंह ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद सरकारी परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इससे पहले रजिस्ट्री कार्यालय में भी चोरी की वारदात हो चुकी है और अब विद्युत विभाग के कार्यालय को निशाना बनाया गया है।
पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।