राजीव लोचनाचार्य महाविद्यालय, खुरई में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह अवसर महाविद्यालय के लिए अत्यंत सौभाग्यशाली रहा क्योंकि इस अवसर पर माँ नर्मदा परिक्रमा एवं पर्यावरण की सेवा में जीवन समर्पित कर चुके दिव्य संत श्री समर्थ दादा गुरू जी एवं क्षेत्र के लोकप्रिय नेता, पूर्व गृह मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह महाविद्यालय परिसर में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दादा गुरू जी एवं श्री भूपेन्द्र सिंह के स्वागत से हुई। महाविद्यालय के संचालक डॉ. प्रमोद नायक ने पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर दोनों अतिथियों का भव्य अभिनंदन किया। महाविद्यालय की अध्यक्ष श्रीमती कमला नायक ने अपने वक्तव्य में श्री समर्थ दादा गुरू जी को दिव्य संत की उपाधि दी और उनके आगमन को RLM परिवार के लिए सौभाग्य का पल बताया।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में एक अद्भुत आध्यात्मिक ऊर्जा एवं दिव्यता का वातावरण महसूस किया गया। सभी उपस्थित छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं स्टाफ इस विशेष पल के साक्षी बने। श्री भूपेन्द्र सिंह को अध्यक्ष महोदया द्वारा विकास पुरुष की संज्ञा दी गई, और महाविद्यालय के प्रति उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए विशेष आभार प्रकट किया गया।

डॉ. प्रमोद नायक ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि दादा गुरू जी के आगमन से महाविद्यालय परिवार में एक नवीन ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने दादा गुरू जी को आलौकिक संत बताते हुए उनके आशीर्वचनों को महाविद्यालय के लिए प्रेरणास्रोत कहा।
श्री भूपेन्द्र सिंह ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को पर्यावरण के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि प्राचीन धर्म ग्रंथों में वृक्षों को अत्यधिक महत्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखते हैं बल्कि यह हमारे जीवन के आध्यात्मिक और भौतिक पक्षों को भी प्रभावित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अधिकाधिक वृक्षारोपण करें और इस मुहिम को जन-जन तक पहुंचाएं।

श्री समर्थ दादा गुरू जी ने अपने आशीर्वचनों में विद्यार्थियों को हर परिस्थिति में मुस्कुराकर कार्य करने का मंत्र दिया। उन्होंने माता-पिता, गुरु और वृक्षों के महत्व को समझाते हुए कहा कि ये तीनों जीवन के आधार स्तंभ हैं, जिनका सम्मान और सेवा हर व्यक्ति का कर्तव्य है।
कार्यक्रम के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” स्लोगन के अंतर्गत वृक्षारोपण किया गया, जिसमें अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें श्री पृथ्वी सिंह, श्री अनिल तिवारी, श्री पप्पी नायक, श्री परख नायक, श्री पलास नायक, संस्था के प्राचार्य डॉ. विजय चौहान एवं श्री राहुल गोस्वामी प्रमुख रूप से शामिल रहे।

इस कार्यक्रम ने छात्रों में न केवल पर्यावरण संरक्षण की भावना जागृत की, बल्कि आध्यात्मिक प्रेरणा और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी भाव उत्पन्न किया। निश्चित रूप से यह आयोजन आने वाले वर्षों के लिए एक मार्गदर्शक और प्रेरक स्मृति बनकर रहेगा।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237