खुरई: जगदीशपुरा बायपास चौराहे पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को कुचला, बाइक 200 मीटर तक घसीटी !

Spread the love

खुरई। सागर जिले के खुरई क्षेत्र अंतर्गत जगदीशपुरा बायपास चौराहे पर शनिवार को एक सनसनीखेज सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही एक अज्ञात कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद कार चालक बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया और फिर पहचान छुपाने के लिए गाड़ी की नंबर प्लेट निकालकर मौके से फरार हो गया।

सागर से बीना जा रही कार ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, बाइक क्रमांक एमपी 15 जेडबी 0814 पर सवार जागेश्वर अहिरवार (25) निवासी गर्मिरिया बुजुर्ग और ब्रजेश अहिरवार (27) निवासी खुरई बायपास की ओर से गुजर रहे थे। इसी दौरान सागर से बीना की ओर जा रही एक अज्ञात कार ने तेज रफ्तार में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कार में फंस गई और चालक ने वाहन नहीं रोका। कार चालक बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से खुरई के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद जागेश्वर अहिरवार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल सागर रेफर कर दिया गया। वहीं, ब्रजेश अहिरवार का इलाज सिविल अस्पताल में जारी है।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताई पूरी घटना
घटना के प्रत्यक्षदर्शी शुभम सिंह ने बताया कि कार काफी तेज रफ्तार में थी और बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मारने के बाद भी चालक नहीं रुका। उसने गाड़ी से उतरकर जल्दबाजी में नंबर प्लेट निकाली और मौके से फरार हो गया।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार कार और चालक की पहचान की जा सके। अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है।

इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों को उजागर कर दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *