खुरई-बीना रेलवे ट्रैक पर बुधवार सुबह एक 25 वर्षीय बीटेक छात्र का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सागर निवासी ऋषभ प्रजापति, पुत्र नत्थूलाल प्रजापति के रूप में हुई है। उसका शव लुहर्रा गांव के पास तीसरी रेल लाइन के किनारे पड़ा मिला। सुबह जब ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के पास शव देखा तो तुरंत इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ प्रभारी मौके पर पहुंचे, लेकिन घटना स्थल खुरई देहात थाना क्षेत्र में आने के कारण स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया।
खुरई देहात थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को मृतक की जेब से सागर से शुजालपुर का रेल टिकट भी बरामद हुआ है, जिससे उसके घटनास्थल तक पहुंचने के संभावित क्रम की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

परिजनों के मुताबिक, ऋषभ मंगलवार शाम घर से फोटोकॉपी कराने की बात कहकर निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच मृतक के भाई रवि प्रजापति के मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए ऋषभ का एक वीडियो संदेश मिला। वीडियो देखने के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने तुरंत उसकी तलाश तेज कर दी।
परिवार के अनुसार, ऋषभ ने घर पर एक नोट भी छोड़ा था, जिसमें उसने लिखा था कि वह हमेशा के लिए घर छोड़कर जा रहा है और अपनी मौत के लिए स्वयं जिम्मेदार है। उसने परिवार के सदस्यों से अपना ख्याल रखने की बात भी लिखी थी। पुलिस के अनुसार, मृतक ने अपने भाई को दो वीडियो संदेश भेजे थे, जिनमें उसने घर छोड़ने और स्वयं को जिम्मेदार बताने की बात कही थी। हालांकि पुलिस वीडियो और नोट की सामग्री की तकनीकी जांच कर रही है।
खुरई देहात थाने के प्रधान आरक्षक रमेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस मृतक के मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल और पारिवारिक पृष्ठभूमि की भी जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।

यदि कोई व्यक्ति मानसिक तनाव या भावनात्मक परेशानी से गुजर रहा है, तो उसे अकेले न रहें और परिवार, मित्रों या किसी विशेषज्ञ से मदद लें। समय पर संवाद और सहयोग कई गंभीर स्थितियों को टाल सकता है।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
78060077338, 9109619237