खुरई ; मादरा रोड की अवैध प्लास्टिक वाटर टैंक इंडस्ट्री सील, रहवासी क्षेत्र में चलने पर नगर पालिका की सख्त कार्रवाई !

Spread the love

खुरई नगर के मादरा रोड स्थित रहवासी क्षेत्र के समीप बिना नगर पालिका और राजस्व विभाग की स्वीकृति के संचालित की जा रही मूकमाटी सेंटेक्स प्लास्टिक वाटर टैंक इंडस्ट्री पर सोमवार शाम नगर पालिका ने बड़ी कार्रवाई की। नगर पालिका के अमले ने मौके पर पहुंचकर इंडस्ट्री को सील कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त इंडस्ट्री का संचालन प्रकाशचंद जैन, सेंकी जैन एवं मुकेश जैन द्वारा किया जा रहा था। नगर पालिका को लंबे समय से इस उद्योग के संबंध में शिकायतें मिल रही थीं। जांच में सामने आया कि इंडस्ट्री के संचालन के लिए आवश्यक वैधानिक अनुमति नगर पालिका एवं राजस्व विभाग से नहीं ली गई थी। इसके बाद नगर पालिका ने संचालकों को नोटिस जारी कर निर्देश दिए थे कि वे या तो तत्काल इंडस्ट्री बंद करें अथवा निर्धारित समय सीमा में अनुमति संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करें। नोटिस के बावजूद अनुमति प्रस्तुत नहीं की गई।

इसी बीच सोमवार को मादरा रोड क्षेत्र के रहवासियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर इंडस्ट्री के संचालन की जांच कराने और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की। रहवासियों ने बताया कि इंडस्ट्री से लगातार तेज आवाज आती है, जिससे आसपास के घरों में रहने वाले लोग परेशान हैं। इसके अलावा धुएं और दुर्गंध के कारण वातावरण प्रदूषित हो रहा है। भारी वाहनों के आवागमन से सड़क पर जाम की स्थिति बनती है और बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं को काफी असुविधा होती है।

रहवासियों की शिकायत और पहले से जारी नोटिस को आधार बनाते हुए नगर पालिका का अमला सोमवार शाम मौके पर पहुंचा। आवश्यक जांच के बाद नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर इंडस्ट्री को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रहवासी क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी प्रकार की औद्योगिक गतिविधि संचालित नहीं की जा सकती।

नगर पालिका का कहना है कि जब तक इंडस्ट्री संचालक सभी आवश्यक वैधानिक अनुमति, प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े दस्तावेज और नियमों का पालन सुनिश्चित नहीं करते, तब तक सील नहीं खोली जाएगी। वहीं कार्रवाई के बाद स्थानीय रहवासियों ने राहत की सांस ली और प्रशासन से भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *