खुरई में नवविवाहिता की मौत, परिजनों ने प्रताड़ना और पुलिस ढिलाई का लगाया आरोप !

Spread the love

खुरई। शहर में मंगलवार शाम 19 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले युवक द्वारा मानसिक प्रताड़ना और पुलिस की कथित लापरवाही से परेशान होकर महिला ने यह कदम उठाया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

थाने में की थी शिकायत

जानकारी के अनुसार मृतका आरती आदिवासी का पड़ोस में रहने वाले रोहित नामक युवक से पूर्व में परिचय था। सोमवार को आरती के पति ने उसे फोन पर बात करते हुए पकड़ लिया, जिसके बाद घर में विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि इसके बाद आरती ने अपना मोबाइल तोड़ दिया और जेठानी के साथ थाने पहुंचकर युवक के खिलाफ प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई थी।

परिजनों का कहना है कि शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे वह मानसिक तनाव में थी।

इलाज के दौरान हुई मौत

मंगलवार को जब पति मजदूरी से घर लौटा तो उसने आरती को फंदे से लटका पाया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले में खुरई शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि परिजनों के बयानों के आधार पर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हर पहलू से जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि शिकायत और कथित प्रताड़ना से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो परिवारजनों या भरोसेमंद लोगों से बात करना और स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं से संपर्क करना महत्वपूर्ण है। समय पर सहायता जीवन बचा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *