खुरई में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां तेज, पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने ली लगातार बैठकें !

Spread the love

खुरई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 10 जनवरी को प्रस्तावित खुरई आगमन को लेकर तैयारियाँ चरम पर हैं। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने रविवार को कृषि उपकरण निर्माता एसोसिएशन के सदस्यों, नौ वार्डों के दो शक्ति केंद्रों के भाजपा कार्यकर्ताओं सहित कई समूहों की संयुक्त बैठकें लीं और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का खाका तैयार किया।

कृषि उपकरण उद्योग को मिलेगा बड़ा मंच, प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे मुख्यमंत्री

कृषि उपकरण निर्माता एसोसिएशन की बैठक को संबोधित करते हुए भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि खुरई के कृषि उपकरण निर्माण की पहचान देश और प्रदेश में एक ब्रांड के रूप में स्थापित हो चुकी है। ‘एक जिला–एक उत्पाद’ में खुरई निर्मित कृषि उपकरणों को सागर जिले के मुख्य उत्पाद के रूप में दर्ज किया गया है।
उन्होंने एसोसिएशन के सदस्यों से कहा कि वे अपने उत्पादों की एक भव्य प्रदर्शनी सभास्थल पर लगाएं, जिसका वर्चुअली उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इससे खुरई की कृषि उपकरण इंडस्ट्री को राष्ट्रीय स्तर पर एक्सपोजर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि खुरई में बिजली, पानी, सड़क कनेक्टिविटी, रेलवे गुड्स ट्रैक जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही बांध परियोजनाओं से बढ़ते कृषि उत्पादन के कारण कृषि उपकरण इंडस्ट्री में और विस्तार होने की पूरी संभावना है।

50 हजार करोड़ के केमिकल कॉम्प्लेक्स से मिलेगी नई दिशा

भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि बीना रिफाइनरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्थापित 50 हजार करोड़ रुपये के केमिकल कॉम्प्लेक्स से प्लास्टिक बेस्ड इंडस्ट्री को बड़ा लाभ मिलेगा, जिससे खुरई के उद्योगों के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा।
उन्होंने बताया कि खुरई में एयर स्ट्रिप परियोजना के लिए प्रयास किए जा रहे हैं जो जल्द ही मूर्त रूप ले सकती है।

खुरई के कृषि उपकरणों पर शॉर्ट फिल्म बनेगी, सभा मंच से दिखाई जाएगी

उन्होंने एसोसिएशन के सदस्यों से उपसंचालक कृषि राजेश त्रिपाठी के साथ समन्वय कर कृषि उपकरणों की उपयोगिता, रोजगार सृजन और विशेषताओं पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म बनाने को कहा, जिसे आमसभा के मंच पर दिखाया जाएगा।

101 स्वागत गेट बनेंगे, सभी कारखानों में अवकाश

एसोसिएशन के सदस्यों ने एकमत होकर घोषणा की कि मुख्यमंत्री के स्वागत और अभिनंदन के लिए शहर में 101 स्वागत गेट बनाए जाएंगे।
साथ ही सभी फैक्ट्री संचालकों ने अपनी इकाइयों के कर्मचारियों को मुख्यमंत्री की सभा में शामिल होने हेतु अवकाश देने का निर्णय भी लिया।

जनसेवा को बढ़ावा—मालाओं के स्थान पर कंबल वितरण

बैठकों में पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह का 500 से अधिक कंबलों से स्वागत किया गया।
विशेष बात यह रही कि स्वागत में मिले इन कंबलों को स्थानीय महिलाओं में वितरित कर दिया गया।
आज कुल मिलाकर लगभग 1000 से अधिक कंबल जरूरतमंदों को दिए गए। अब तक छह लाख रुपए से अधिक मूल्य की उपयोगी सामग्री जनता द्वारा भेंट स्वरूप मिली और फिर जनता को ही वापस वितरित की गई।

वार्डों में जनसंपर्क—महिलाओं और छात्राओं को सामग्री वितरित

उन्होंने रानी अवंतीबाई वार्ड में पहुंचकर महिलाओं को कंबल वितरित किए और मुख्यमंत्री के आगमन की जानकारी देकर आमसभा में आने का आमंत्रण दिया।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय छात्रावास में छात्राओं को स्टेशनरी, टिफिन बॉक्स और वाटर बॉटल भी वितरित की गईं।

खुरई के विकास की बदली तस्वीर—भूपेन्द्र सिंह

लक्ष्मी गार्डन में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने खुरई विधानसभा क्षेत्र को विकास के माध्यम से समृद्ध किया है।
पिछले दस वर्षों में खुरई नगर की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की योजनाओं का लाभ हर परिवार तक पहुंच रहा है, विशेषकर लाड़ली बहनों को बढ़ी हुई राशि 1500 रुपए उनके संवेदनशील नेतृत्व की देन है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रथम खुरई आगमन पर कार्यकर्ताओं में उत्साह चरम पर है और परंपरा के अनुसार ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा।

उद्योग विस्तार और युवाओं के रोजगार पर फोकस

उन्होंने कहा कि खुरई में औद्योगिक विस्तार की अपार संभावनाएं हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में खुरई की विकास यात्रा और तेज होगी और आने वाले समय में स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

बैठकों में प्रमुख जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति

एसोसिएशन और बैठकों में विकास समैया, विजय जैन, चंद्रप्रताप सिंह, मनोज जैन, सरदार कुलवंत सिंह, एसडीएम मनोज चौरसिया सहित अनेक फैक्ट्री संचालक मौजूद रहे।
कार्यकर्ता सम्मेलनों में मंडल अध्यक्ष राहुल चौधरी, राजपाल सिंह राजपूत, रवीन्द्र सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष नन्नी बाई अहिरवार सहित कई पार्षद एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वरिष्ठ पार्षद नीतिराज पटेल ने कार्यक्रम का संचालन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *