खुरई में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भव्य रोड शो !

Spread the love

खुरई में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज भव्य रोड शो आयोजित किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में नागरिकों ने शामिल होकर ऐतिहासिक दृश्य प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री के आगमन पर नगर में उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।

खुरई स्टेडियम से शुरू हुआ 6 किलोमीटर लंबा रोड शो मुख्य बाजार से होते हुए कृषि मंडी के निकट सभास्थल पर समाप्त हुआ। रास्तेभर मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए नागरिक घरों की छतों पर चढ़े हुए दिखाई दिए। कई स्थानों पर लोगों ने JCB मशीनों पर चढ़कर पुष्पवर्षा की, वहीं स्कूली बच्चों ने रंग-बिरंगे फूलों से स्वागत किया।

मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए मार्ग में 151 से अधिक स्वागत द्वार लगाए गए थे। बुंदेली परंपरा के अनुरूप ढोल–नगाड़ों, शेर वेशभूषा, पारंपरिक नृत्यों और लोक वाद्ययंत्रों के साथ जनसमूह ने मुख्यमंत्री का अभूतपूर्व स्वागत किया। मनमोहक रंगोली, तोरण द्वार और दीपों ने पूरे नगर को उत्सव स्थल में बदल दिया।

लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी बहनों ने भी सिर पर कलश रखकर आरती उतारी और तिलक लगाकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। वहीं रमतूला और दुलदुल घोड़ी की आकर्षक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में पारंपरिक लोक रंग भर दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनसमूह का अभिवादन करते हुए कहा—
“बुंदेलखंड की यह गर्मजोशी और स्नेह मुझे ऊर्जा से भर देता है। यह वीरों की भूमि है और यहां के लोगों का प्यार ही मेरा सबसे बड़ा सम्मान है।”

इस अवसर पर खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत, सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह, विधायक श्री शैलेंद्र जैन, जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *