खुरई नगर में सिखों के दसवें गुरु, साहिब-ए-कमाल श्री गुरु गोविंद सिंह जी का 359वां प्रकाश पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर खुरई स्थित गुरुद्वारे में कई धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत प्रभात फेरी के साथ हुई।

प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारे से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण करती हुई परसा चौराहा, झंडा चौक, पठार, शिवाजी चौक, सागर नाका चौराहा, गढ़ौला नाका चौराहा और अंबेडकर चौराहा से होते हुए पुनः गुरुद्वारे में समाप्त हुई। प्रभात फेरी के दौरान गुरु गोविंद सिंह जी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
गुरु गोविंद सिंह जी के संदेशों को किया गया स्मरण
सिख समाज के अध्यक्ष परविंदर सिंह चावला ने बताया कि गुरु गोविंद सिंह जी ने समाज से ऊंच-नीच और भेदभाव को समाप्त कर प्रेम, भाईचारे और समानता का संदेश दिया। उन्होंने मानवता को शांति, प्रेम, एकता, समानता और समृद्धि का मार्ग दिखाया। प्रकाश पर्व के अवसर पर समाज को आपसी सद्भाव, शांति और खुशहाली बनाए रखने का संदेश दिया गया।

धार्मिक आयोजनों का चला सिलसिला
परविंदर सिंह चावला ने जानकारी दी कि 21 दिसंबर से लगातार धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे, जिनमें प्रतिदिन सुखमनी साहिब का पाठ किया गया। प्रकाशोत्सव के मुख्य दिन अखंड पाठ साहिब का समापन हुआ, जिसके पश्चात कीर्तन और गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
शाम 7 बजे से गुरुद्वारे में भव्य कीर्तन दरबार सजा, जिसमें हरमन सिंह के जत्थे ने कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया। वहीं रात 9 बजे से बच्चों के लिए विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया, जिससे बच्चों में भी धार्मिक संस्कारों का विकास हुआ।

निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
प्रकाशोत्सव के अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एवं जैन युवा सेवा समिति द्वारा परमार्थ अस्पताल के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में सिख समाज के सदस्यों के साथ-साथ अन्य समाज के लोगों ने भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया और चिकित्सकीय परामर्श लिया।
कार्यक्रमों के समापन पर सभी के लिए लंगर प्रसाद की व्यवस्था की गई। आयोजन को सफल बनाने में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, सिख समाज के पदाधिकारियों एवं नगरवासियों का विशेष योगदान रहा।