खुरई | खुरई शहर के श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड में मंगलवार रात एक सूने मकान में चोरी करने घुसे चोर को पड़ोसियों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना रात करीब 10 बजे की है। लोगों ने चोर को पकड़कर तत्काल पुलिस के हवाले कर दिया, हालांकि घर के बाहर रेकी कर रहे उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
सूने मकान से आई आवाजों ने खोली पोल
अंबेडकर संग्रहालय के पास रहने वाली कमला प्रजापति ने बताया कि मंगलवार रात खाना खाने के बाद वे सोने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान उनके बगल में रहने वाले जेठ मूलचंद प्रजापति के सूने मकान से संदिग्ध आवाजें सुनाई दीं। मूलचंद प्रजापति अपने पूरे परिवार के साथ ईंट भट्ठों पर काम करते हैं और रात में वहीं रुकते हैं, जिससे उनका घर अक्सर खाली रहता है।
आवाज सुनकर उन्हें संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने घर के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों को बुलाया। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।
भीड़ देखकर बाथरूम में छिप गया चोर
बताया गया कि चोर ने बाहर खड़ी भीड़ को खिड़की से देख लिया, जिससे वह घबरा गया और मकान के बाथरूम में जाकर छिप गया। जांच में सामने आया कि चोर ने घर के बाहर लगी एक खिड़की पर पैर रखकर दूसरी खिड़की तक पहुंच बनाई और वेंटिलेटर व लोहे की रॉड के सहारे करीब 11 फीट ऊंची खुली खिड़की से मकान के अंदर प्रवेश किया था।

टंकी खाली कर तिरपाल में छिपा
घटना की सूचना मकान मालिक मूलचंद प्रजापति को दी गई। उनके आने के बाद जब ताला खोला गया, तो चोर बाथरूम में घुस गया। उसने वहां पानी की टंकी खाली कर दी और खुद को तिरपाल में छिपा लिया। काफी प्रयास के बाद जैसे-तैसे गेट खोला गया और चोर को पकड़ लिया गया। उसने भागने की पूरी कोशिश की, लेकिन लोगों की सतर्कता के आगे वह सफल नहीं हो सका।

दो साथी बाहर कर रहे थे निगरानी
पकड़े गए युवक ने बताया कि उसके साथ दो अन्य साथी भी थे, जो मकान के बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे। लोगों की आवाज और हलचल देखकर वे दोनों मौके से फरार हो गए। बताया गया कि घर में घुसने से पहले चोर ने अपने जूते बाहर ही उतार दिए थे, ताकि अंदर आवाज न हो।

पुलिस ने लिया हिरासत में, पूछताछ जारी
घटना की सूचना मिलने पर शहरी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाने ले गई। पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम रवि रैकवार, निवासी खुरई बताया है। पुलिस उसके फरार साथियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।
मकान मालिक के घर के पास रहने वाले उनके छोटे भाई गोपाल प्रजापति ने बताया कि करीब एक महीने पहले भी सूने मकान में चोरी की कोशिश हुई थी, लेकिन तब चोर कोई सामान नहीं ले जा पाए थे।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक बड़ी चोरी की वारदात टल गई।