खुरई | खुरई शहर के श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड में मंगलवार रात एक सूने मकान में चोरी करने घुसे चोर को पड़ोसियों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना रात करीब 10 बजे की है। लोगों ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए चोर को दबोच लिया और तत्काल पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, मकान के बाहर रेकी कर रहे उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
सूने मकान से आई आवाजों ने खोली चोरी की साजिश
अंबेडकर संग्रहालय के पास रहने वाली कमला प्रजापति ने बताया कि मंगलवार रात भोजन करने के बाद वे सोने की तैयारी कर रही थीं। तभी उनके बगल में रहने वाले जेठ मूलचंद प्रजापति के सूने मकान से संदिग्ध आवाजें सुनाई दीं। मूलचंद प्रजापति अपने पूरे परिवार के साथ ईंट-भट्ठों पर काम करते हैं और रात में वहीं रुकते हैं, जिससे उनका मकान अक्सर खाली रहता है।
आवाजें सुनकर उन्हें शक हुआ। उन्होंने तुरंत अपने परिवारजनों और आसपास के लोगों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे चोर घबरा गया।

भीड़ देखकर बाथरूम में जा छिपा
बताया गया कि चोर ने खिड़की से बाहर खड़ी भीड़ को देखा तो वह डर गया और मकान के बाथरूम में जाकर छिप गया। जांच में सामने आया कि चोर ने घर के बाहर लगी एक खिड़की पर पैर रखकर दूसरी खिड़की तक पहुंच बनाई थी। इसके बाद वेंटिलेटर और लोहे की रॉड के सहारे करीब 11 फीट ऊंची खुली खिड़की से वह मकान के अंदर घुसा।
टंकी खाली कर तिरपाल में छिपा चोर
घटना की जानकारी मिलने पर मकान मालिक मूलचंद प्रजापति मौके पर पहुंचे और ताला खोला। इसी दौरान चोर बाथरूम में घुस गया। उसने वहां पानी की टंकी खाली कर दी और खुद को तिरपाल में छिपा लिया। काफी मशक्कत के बाद गेट खोला गया और चोर को पकड़ लिया गया। उसने भागने की पूरी कोशिश की, लेकिन लोगों की सतर्कता के आगे वह सफल नहीं हो सका।
बाहर निगरानी कर रहे थे दो साथी
पकड़े गए युवक ने पूछताछ में बताया कि उसके साथ दो अन्य साथी भी थे, जो मकान के बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे। लोगों की आवाज और हलचल सुनकर वे दोनों मौके से फरार हो गए। बताया गया कि चोरी से पहले चोर ने अपने जूते बाहर उतार दिए थे, ताकि अंदर आवाज न हो।
पुलिस ने लिया हिरासत में, जांच जारी
घटना की सूचना पर शहरी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम रवि रैकवार, निवासी खुरई बताया है। पुलिस उसके फरार साथियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।
मकान मालिक के छोटे भाई गोपाल प्रजापति ने बताया कि करीब एक माह पहले भी इसी सूने मकान में चोरी की कोशिश हुई थी, लेकिन तब चोर कोई सामान नहीं ले जा सके थे।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। स्थानीय लोगों की सजगता से एक बड़ी चोरी की वारदात टल गई, वहीं क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह को लेकर पुलिस जांच तेज कर दी गई है।