खुरई रोड पर युवक का शव मिलने से सनसनी !

Spread the love

सागर। खुरई रोड स्थित कृषि उपज मंडी के पास सोमवार देर रात एक यूनिपोल विज्ञापन होर्डिंग पर युवक का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां मंगलवार को पीएम कराया जा रहा है।


राहगीरों ने देखा शव, पुलिस को दी सूचना

जानकारी के अनुसार, कृषि उपज मंडी के पास सड़क किनारे एक ऊंचा विज्ञापन पोल (यूनिपोल) लगा है। सोमवार देर रात स्थानीय लोगों ने पोल पर एक युवक को फंदे से लटका देखा। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और जांच प्रारंभ की। इसी दौरान मृतक के परिजन भी पहुंच गए।


22 वर्षीय हीरालाल की हुई पहचान

परिजनों ने मृतक की पहचान हीरालाल पिता परमलाल अहिरवार (22 वर्ष) निवासी गढ़ोली खुर्द के रूप में की। पहचान होने के बाद पुलिस ने विधिवत पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।


भाई का आरोप – मारपीट के बाद ले गए, हत्या कर लटकाया

मृतक के भाई संतोष अहिरवार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सोमवार रात चौराहे के पास कुछ लोगों ने हीरालाल के साथ मारपीट की थी। इसके बाद वह घर आया और उनके मोबाइल से 181 हेल्पलाइन पर फोन किया।

संतोष के अनुसार, थोड़ी देर बाद चार लोग घर पहुंचे और हीरालाल को अपने साथ ले गए। बाद में उसका शव यूनिपोल पोल पर लटका मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया है।


पुलिस कर रही जांच, पीएम रिपोर्ट का इंतजार

मामले में मोतीनगर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों से पूछताछ की तैयारी कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और परिजन दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *