
पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर खुरई विधानसभा क्षेत्र में डीएपी और यूरिया खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है।
उन्होंने पत्र में बताया कि खरीफ सीजन में किसानों को आवश्यक मात्रा में खाद नहीं मिल पा रही है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खुरई तहसील के डबल लॉक गोदाम में पिछले एक माह से डीएपी और यूरिया उपलब्ध नहीं है। कुछ दिन पूर्व कृषि निगम खुरई में डीएपी आया जरूर था, लेकिन सर्वर की समस्या और कर्मचारियों की अव्यवस्थित वितरण प्रणाली के चलते समय पर वितरण नहीं हो सका।
इसी तरह की स्थिति मालथौन तहसील में भी बनी हुई है। यहां न केवल डीएपी की कमी है, बल्कि किसानों को जबरन नैनो यूरिया की बोतलें दी जा रही हैं। पिछले 8-10 दिनों से यहां भी डीएपी उपलब्ध नहीं है।
श्री सिंह ने कहा कि खाद की कमी से परेशान किसानों ने 18 अगस्त 2025 को खुरई-पठारी बायपास मार्ग पर चक्काजाम किया था, जिसके चलते करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग को व्यवस्थित वितरण व्यवस्था बनाने और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाएं।