सागर। जिले के बिनायका थाना क्षेत्र के ग्राम कोटरा में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां नशे में धुत युवक ने 55 वर्षीय व्यक्ति की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मृतक खेत जा रहा था, तभी आरोपी ने अचानक पीछे से हमला कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम कोटरा निवासी धन सिंह खंगार (उम्र 55 वर्ष) बुधवार रात करीब 10 बजे बाइक से अपने खेत की ओर जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने गाड़ी रोकी और मोबाइल पर किसी से बातचीत कर रहे थे, तभी पीछे से तेजसिंह गौंड नामक व्यक्ति वहां पहुंचा और कुल्हाड़ी से उन पर हमला कर दिया। हमले में धन सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास के ग्रामीणों ने घटना देखकर तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिवारजन मौके पर पहुंचे और घायल को सागर जिला अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर बिनायका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के बेटे की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात की असली वजह सामने आ सकेगी।