भोपाल। युवाओं को खेलों के माध्यम से नई पहचान देने के उद्देश्य से आयोजित खेलो एमपी यूथ गेम्स का राज्य स्तरीय शुभारंभ 27 जनवरी को राजधानी भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में भव्य समारोह के साथ किया जाएगा। शाम 6:30 बजे शुरू होने वाले उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया प्रतियोगिताओं का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
यह जानकारी सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को मीडिया से चर्चा के दौरान दी।
ब्लॉक से संभाग तक सफलतापूर्वक पूरी हुई प्रतियोगिताएं
मंत्री सारंग ने बताया कि प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी हैं, जबकि जिला और संभाग स्तर की स्पर्धाएं 25 जनवरी तक पूरी कर ली जाएंगी। इसके बाद प्रदेश के 10 संभागों की टीमें राज्य स्तरीय मुकाबलों में भाग लेंगी।

खेलों की थीम पर आधारित होगा भव्य उद्घाटन समारोह
टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह पूरी तरह खेलों की थीम पर आधारित रहेगा। कार्यक्रम में—
- सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक कैलाश खेर की लाइव प्रस्तुति
- इंडियाज गॉट टैलेंट फेम डांस ट्रूप की शानदार परफॉर्मेंस
- खेलों के इतिहास और महत्व पर आधारित नृत्य-नाटिका
- भव्य आतिशबाजी
आयोजन के मुख्य आकर्षण होंगे। मंत्री सारंग ने कहा कि यह समारोह ऊर्जा, खेल भावना और युवा उत्साह का जीवंत प्रतीक बनेगा।
खेल विभाग और संघों के समन्वय से देश का पहला मॉडल
मंत्री ने बताया कि देश में पहली बार खेल विभाग और सभी मान्यता प्राप्त खेल संघों के संयुक्त समन्वय से खेलो एमपी यूथ गेम्स का आयोजन किया जा रहा है। इस मॉडल से ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आए हैं। सरकार की मंशा है कि इस सफल मॉडल को भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी लागू किया जाए।
ऑनलाइन पंजीयन से पारदर्शी व्यवस्था
खेलो एमपी यूथ गेम्स के लिए खिलाड़ियों का पंजीयन पूरी तरह डिजिटल और डैशबोर्ड आधारित प्रणाली से किया गया है। अब तक एक लाख से अधिक खिलाड़ी ऑनलाइन पंजीकरण कर चुके हैं। पंजीयन, खेलवार सहभागिता, परिणाम और प्रगति की निगरानी रियल-टाइम डैशबोर्ड से की जा रही है, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी हुई है।

31 जनवरी तक चलेंगी प्रतियोगिताएं, 28 खेल शामिल
राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 31 जनवरी तक आयोजित होंगी। ब्लॉक और जिला स्तर पर जहां 21 खेलों की स्पर्धाएं हुईं, वहीं राज्य स्तर पर कुल 28 खेलों को शामिल किया गया है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन स्थल
- भोपाल: एथलेटिक्स, फेंसिंग, पुरुष क्रिकेट, क्याकिंग-कैनोईंग, रोइंग, तैराकी, शूटिंग, पुरुष हॉकी, बॉक्सिंग, थ्रोबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी
- इंदौर: बास्केटबॉल, वेटलिफ्टिंग, टेबल टेनिस, टेनिस
- शिवपुरी: महिला क्रिकेट
- ग्वालियर: महिला हॉकी, पिट्टू, बैडमिंटन
- उज्जैन: मल्लखंब, योगासन, रस्साकशी, कुश्ती
- जबलपुर: खो-खो, आर्चरी
- रीवा: फुटबॉल
- नर्मदापुरम: ताइक्वांडो, शतरंज
- सागर: जूडो
इसके साथ ही बड़े तालाब में जलक्रीड़ा स्पर्धाओं के माध्यम से खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
पारंपरिक खेलों को भी मिला मंच
खेलो एमपी यूथ गेम्स में पहली बार पिट्टू और रस्साकशी जैसे पारंपरिक खेलों के साथ क्रिकेट और थ्रोबॉल को भी शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के युवाओं को खेलों से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को मंच देना है।
मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि खेलो एमपी यूथ गेम्स प्रदेश के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त और पारदर्शी मंच प्रदान कर रहे हैं और यह आयोजन मध्यप्रदेश को खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।