खैजरा इज्जत गांव में किसान की हत्या का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, दो फरार !

Spread the love

खुरई। सागर जिले के Khurai देहात थाना क्षेत्र के खैजरा इज्जत गांव में दो दिन पहले हुई किसान की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार शाम को गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

खेत की मेड़ हटाने के विवाद में हुई थी हत्या

पुलिस के अनुसार घटना 4 मार्च को सामने आई थी। खैजरा इज्जत गांव निवासी अनिल यादव (35) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पिता भगवानदास यादव की हत्या कर दी गई है।

अनिल यादव ने पुलिस को बताया कि गांव के जयराम यादव, केतार यादव, केदारनाथ यादव, नीरज यादव और करतार यादव के साथ खेत की ‘बारगा’ (बाड़ या मेड़) हटाने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान आरोपियों ने भगवानदास यादव पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

कई धाराओं में दर्ज हुआ मामला

बेटे की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 296(ए), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस टीम ने तीन आरोपियों को पकड़ा

खुरई देहात थाना प्रभारी संतोष सिंह ठाकुर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ के मार्गदर्शन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए जयराम यादव, केतार यादव और केदारनाथ यादव को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की कुल्हाड़ी भी आरोपियों के कब्जे से जब्त कर ली है।

न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें स्थानीय उपजेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य दो आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक संतोष सिंह दांगी, सहायक उपनिरीक्षक हुकम सिंह, प्रधान आरक्षक रमेश कुलकर्णी, भुजबल, आरक्षक रविशंकर, सत्येंद्र निगम, संजय जाट, राहुल सिकवार, जितेंद्र धाकड़, लोकेंद्र सिंह परमार और धर्मेंद्र दांगी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *