सागर | गढ़ाकोटा
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
रिपोर्टर – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237
सागर जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम संजरा में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक नाले में इंसान का नरकंकाल मिलने की जानकारी सामने आई। तिगड्डा के पास स्थित पद्मा नाले में ग्रामीणों ने पानी के बीच पड़ी इंसान की खोपड़ी और हड्डियां देखीं। यह दृश्य देखते ही गांव में हड़कंप मच गया और कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना गढ़ाकोटा पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही गढ़ाकोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया। प्राथमिक निरीक्षण में नाले के अंदर इंसान की खोपड़ी और अन्य हड्डियां पड़ी हुई पाई गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और नरकंकाल के अवशेषों को विधिवत जब्त कर जांच के लिए लैब भेजा।

प्रारंभिक जांच में पुलिस और एफएसएल टीम का कहना है कि नरकंकाल काफी पुराना प्रतीत हो रहा है। हड्डियों की स्थिति और आसपास के हालात को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि शव काफी समय से नाले में पड़ा हो सकता है। हालांकि, मौत के कारण और व्यक्ति की पहचान को लेकर फिलहाल कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
जांच के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस को क्षेत्र में कुछ समय से लापता लोगों की जानकारी भी दी है। इसके आधार पर पुलिस ने ग्राम संजरा सहित आसपास के गांवों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की फाइलें खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह नरकंकाल किसी लापता व्यक्ति का हो सकता है।
नरकंकाल की सही पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस डीएनए (DNA) जांच कराने की तैयारी कर रही है। इसके लिए गुमशुदा व्यक्तियों के परिजनों से भी संपर्क किया जा सकता है, ताकि डीएनए सैंपल का मिलान कराया जा सके। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि नरकंकाल किस व्यक्ति का है और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
गढ़ाकोटा थाना प्रभारी शुभम दुबे ने बताया कि ग्राम संजरा में पद्मा नाले से नरकंकाल बरामद किया गया है। अवशेषों को जब्त कर जांच के लिए भेज दिया गया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि नरकंकाल की पहचान के लिए गुमशुदगी के मामलों की जांच की जा रही है और हर पहलू से जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
फिलहाल नरकंकाल मिलने की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।