गढ़ाकोटा पुलिस ने पकड़ी अवैध अंग्रेजी शराब से भरी का !

Spread the love

सागर (मध्यप्रदेश) – गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब से भरी एक कार को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने वाहन से 28 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 1.58 लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रची रणनीति

गढ़ाकोटा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दमोह पथरिया की ओर से एक सफेद रंग की कार (क्रमांक MP 15 CB 4078) बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर सागर की ओर जा रही है। मुखबिर की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रजनीकांत दुबे के निर्देशन में एक पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने रहली रोड स्थित रहस मेला ग्राउंड के पास चेकिंग प्वाइंट स्थापित किया।

घेराबंदी कर पकड़ी गई संदिग्ध कार

कुछ देर बाद संदिग्ध कार दिखाई दी, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया। कार में दो युवक सवार थे जिन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान विक्रम पिता घनश्याम गुप्ता (उम्र 20 वर्ष), निवासी शंकरगढ़ तथा वेद पिता मुरारी तिवारी (उम्र 19 वर्ष), निवासी गायत्री नगर मकरोनिया के रूप में बताई।

शराब की पेटियों में पावर स्ट्रॉन्ग व्हिस्की और बीयर बरामद

कार की तलाशी लेने पर उसमें से 28 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इन पेटियों में पावर स्ट्रॉन्ग ब्रांड की व्हिस्की और बीयर पाई गई। पुलिस ने पूरी शराब जब्त करते हुए कार को भी सीज़ कर लिया है। कुल बरामद शराब की अनुमानित कीमत 1.58 लाख रुपये बताई जा रही है।

आरोपियों से पूछताछ जारी, बड़े नेटवर्क से जुड़ाव की जांच

गढ़ाकोटा थाना प्रभारी रजनीकांत दुबे ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी शराब कहां से लाए थे और इसे कहां पहुंचाना था। साथ ही जांच की जा रही है कि क्या इसके पीछे कोई व्यापक अवैध शराब तस्करी नेटवर्क काम कर रहा है।

कड़ी कार्रवाई के संकेत

पुलिस अधीक्षक सागर के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। गढ़ाकोटा थाना की यह कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है। स्थानीय प्रशासन ने भी संकेत दिए हैं कि इस तरह की गतिविधियों पर सख्त नियंत्रण रखा जाएगा और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *