गढ़ाकोटा में रुई बाजार स्थित न्यू मार्केट का लोकार्पण !

Spread the love

सागर। गढ़ाकोटा नगर के रुई बाजार स्थित न्यू मार्केट का लोकार्पण सोमवार को भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने फीता काटकर न्यू मार्केट का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर को नगर के व्यापारियों एवं आम नागरिकों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में देखा जा रहा है।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि नगर के व्यापारियों के हित, सुविधा और आर्थिक विकास को ध्यान में रखते हुए न्यू मार्केट का निर्माण कराया गया है। इससे स्थानीय व्यापार को नई दिशा मिलेगी और युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि गढ़ाकोटा के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं और आने वाले समय में नगर को और भी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

कार्यक्रम में नपाध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज तिवारी ने कहा कि न्यू मार्केट के निर्माण से व्यापारियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी और नगर की आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी। औषधि विक्रेता संघ अध्यक्ष डॉ. हरीश चौरसिया ने इसे व्यापारिक क्षेत्र के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया, वहीं बसंत यादव ने नगर के समग्र विकास में इस परियोजना की भूमिका पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर नपाध्यक्ष संगीता तिवारी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुलदीप पाराशर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी धनंजय गुमास्ता एवं कुश भार्गव विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में व्यापारी, जनप्रतिनिधि एवं नगरवासी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

न्यू मार्केट के लोकार्पण से रुई बाजार क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा और नगर की सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उपस्थित नागरिकों और व्यापारियों ने इस नई सौगात के लिए पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *