भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को नर्सिंग की सप्लीमेंट्री परीक्षा के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया। प्रथम सेमेस्टर की छात्रा अनु कुमारी की जगह परीक्षा देने पहुंची सानिया अली दस्तावेज मिलान में पकड़ी गई। आब्जर्वर ने आधार कार्ड की फोटो से मिलान किया, जिसमें गड़बड़ी सामने आते ही मामला खुल गया। तुरंत कॉलेज प्रशासन ने सानिया को कोहेफिजा पुलिस के हवाले कर दिया।

20 हजार रुपए में देने आई थी दूसरे की जगह परीक्षा
पूछताछ में सानिया ने बताया कि वह अशोका गार्डन निवासी है और अपने मौसेरे भाई गनी के कहने पर अनु कुमारी की जगह पेपर देने पहुंची थी। इसके बदले उसे 20 हजार रुपए देने की बात कही गई थी। सानिया ने यह भी माना कि वह अनु को पहचानती भी नहीं है और सिर्फ पैसे के लिए यह काम किया।
मौसेरा भाई गनी फरार, पुलिस तलाश में
कॉलेज की राधिका जय नारायण की शिकायत पर पुलिस ने सानिया अली, उसके मौसेरे भाई गनी और अन्य सहयोगियों के खिलाफ धोखाधड़ी व परीक्षा फर्जीवाड़े का केस दर्ज कर लिया है। गनी फिलहाल फरार है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गनी के पकड़े जाने पर इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों और पूरी साजिश का खुलासा हो सकेगा।