गांव के अस्पताल में डॉक्टर नहीं आते: अशोकनगर कलेक्टर ने ग्रामीणों से सुनी समस्याएं,

Spread the love

अशोकनगर ज़िले में शुक्रवार को कलेक्टर आदित्य सिंह ग्रामीण दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बामोरी टांका और परासरी गुरैया गांव का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही कई निर्देश दिए। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परेशानियों को सामने रखा।


अस्पताल में डॉक्टर न आने पर जताई नाराजगी

बामोरी टांका गांव में ग्रामीणों ने शिकायत की कि अस्पताल तो है लेकिन वहां डॉक्टर समय पर नहीं आते, जिससे इलाज के लिए लोगों को दूर जाना पड़ता है। इस पर कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को डॉक्टर की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


स्कूल और राशन की स्थिति में सुधार

ग्रामीणों ने बताया कि पहले स्कूल समय पर नहीं खुलते थे, लेकिन अब स्थिति बेहतर हो गई है। वहीं राशन वितरण की व्यवस्था पास के गांव से की जा रही है। हालांकि, कलेक्टर ने इस पर भी कहा कि ग्रामीणों को सुविधा अनुसार ही वितरण होना चाहिए।


पंचायत भवन का निरीक्षण, सचिव को फटकार

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पंचायत भवन का रिकॉर्ड संधारण, कंप्यूटर और सफाई व्यवस्था को बेहद खराब पाया। उन्होंने पंचायत सचिव को कड़ी फटकार लगाई और रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम रोजगार सहायक को रोजाना पंचायत भवन खोलने का आदेश दिया।


हर मंगलवार को होगी जनसुनवाई और चौपाल

कलेक्टर ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने आदेश दिया कि हर मंगलवार को पंचायत स्तर पर जनसुनवाई और ग्राम चौपाल आयोजित की जाए।


परासरी गुरैया गांव: बेतवा नदी के डूब क्षेत्र की चिंता

परासरी गुरैया गांव में ग्रामीणों ने बताया कि बेतवा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे गांव के डूब क्षेत्र में आने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों की चिंता सुनते ही कलेक्टर ने उन्हें दूसरी जगह शिफ्ट करने का आश्वासन दिया। उन्होंने तत्काल एसडीएम और तहसीलदार को मौके पर जाकर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।


ग्रामीणों की अन्य मांगें

ग्रामवासियों ने इस मौके पर कई समस्याएं और मांगें भी सामने रखीं—

  • प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ
  • वन अधिकार पट्टे
  • पेयजल की नियमित आपूर्ति
  • सड़क निर्माण

कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि इन सभी मुद्दों पर प्रशासन प्राथमिकता से काम करेगा। विशेषकर पेयजल संकट को दूर करने के लिए संबंधित विभाग को तुरंत एक्शन लेने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *