सागर जिले के गोपालगंज थाना पुलिस ने अपहरण कर युवक के साथ मारपीट और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की अंगूठी, वारदात में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक ऑटो, चाकू और डंडा जब्त किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें जुलूस के रूप में न्यायालय ले जाकर क्षेत्र में अपराध से दूर रहने का संदेश दिया।
पुरानी रंजिश के चलते दिया वारदात को अंजाम
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 फरवरी को फरियादी दीपक राय निवासी तिरुपतिपुरम ने गोपालगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह एसबीआई कियोस्क सेंटर के पास अपनी बाइक लेकर खड़ा था। इसी दौरान आरोपी धीरज कोरी, अमन अहिरवार, विवेक जैन और एक नाबालिग इलेक्ट्रॉनिक ऑटो से मौके पर पहुंचे।

आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते फरियादी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब फरियादी ने विरोध किया तो आरोपी धीरज कोरी ने उसकी पीठ पर चाकू अड़ा दिया और जबरन उसे ऑटो में बैठा लिया। इसके बाद आरोपी उसे ऑटो में बैठाकर शहर में इधर-उधर घूमते रहे और रास्ते में उसके साथ मारपीट करते रहे।
सुनसान इलाके में ले जाकर की मारपीट और लूट
आरोपी फरियादी को बाघराज वार्ड क्षेत्र के एक सुनसान इलाके में ले गए, जहां चाकू की नोंक पर दोबारा मारपीट की गई और उसकी उंगली में पहनी सोने की अंगूठी लूट ली गई। मौका पाकर फरियादी किसी तरह वहां से जान बचाकर भागा और सीधे अपने घर पहुंचा। उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार के साथ गोपालगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस टीमों की त्वरित कार्रवाई, सभी आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए गोपालगंज थाना पुलिस ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कीं। पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और रविवार को आरोपी धीरज पिता महेश कोरी (34 वर्ष), अमन पिता अच्छेलाल अहिरवार (22 वर्ष), विवेक पिता वीरेंद्र जैन (23 वर्ष) एवं एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया।

थाने लाकर पूछताछ करने पर आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की अंगूठी बरामद की गई। इसके साथ ही वारदात में उपयोग किया गया इलेक्ट्रॉनिक ऑटो, चाकू और डंडा भी जब्त किया गया है।
जुलूस निकालकर दिया अपराध से दूर रहने का संदेश
पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का थाना क्षेत्र में जुलूस निकाला। इस दौरान पुलिस ने आम नागरिकों को अपराध से दूर रहने और कानून का पालन करने का संदेश दिया।
मुख्य आरोपी आदतन अपराधी
गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि अपहरण और लूट के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि अपचारी बालक को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी धीरज कोरी आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।