गोल्ड–सिल्वर मार्केट में बड़ी गिरावट, MCX पर चांदी 27% और सोना 12% टूटा !

Spread the love

नई दिल्ली: 30 जनवरी को सोने और चांदी के बाजार में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली। प्रॉफिट बुकिंग और बढ़े हुए मार्जिन के दबाव में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों कीमती धातुओं के दाम धड़ाम हो गए।

MCX पर चांदी 1.10 लाख रुपए प्रति किलो (लगभग 27%) गिरकर 2.91 लाख रुपए पर आ गई। इससे एक दिन पहले यानी 29 जनवरी को चांदी 4.01 लाख रुपए प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर थी।

वहीं सोने में भी 20 हजार रुपए (करीब 12%) की भारी गिरावट दर्ज की गई। MCX पर 10 ग्राम सोना 1.69 लाख रुपए से गिरकर 1.49 लाख रुपए पर पहुंच गया।

गिरावट की दो बड़ी वजहें

विशेषज्ञों के मुताबिक सोने-चांदी में तेज गिरावट के पीछे दो प्रमुख कारण रहे—

1. प्रॉफिट बुकिंग:
बीते दिनों सोने और चांदी की कीमतें ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई थीं। ऊंचे स्तरों पर पहुंचने के बाद निवेशकों ने बड़े पैमाने पर मुनाफावसूली की, जिससे कीमतों पर दबाव आया।

2. फिजिकल डिमांड में कमजोरी:
रिकॉर्ड ऊंचाई के बाद फिजिकल मार्केट में मांग कमजोर हुई। इसके साथ ही चांदी के औद्योगिक उपयोग को लेकर भी चिंताएं बढ़ीं, जिसका असर कीमतों पर पड़ा।

मार्जिन बढ़ने से बढ़ा दबाव

सेबी रजिस्टर्ड कमोडिटी एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के अनुसार, शिकागो मर्केंटाइल एक्सचेंज (CME) ने कॉपर के बाद अब सोने और चांदी पर भी मार्जिन मनी बढ़ा दी है

  • सोने पर मार्जिन 6% से बढ़ाकर 8%
  • चांदी पर मार्जिन 11% से बढ़ाकर 15%

मार्जिन बढ़ने का मतलब है कि ट्रेडर्स को अब सौदे के लिए ज्यादा पैसा जमा करना होगा। कई ऐसे ट्रेडर्स जिन्होंने पहले से खरीदारी कर रखी थी, उनसे एक्स्ट्रा फंड मांगा गया। जिनके पास तुरंत पैसा नहीं था, उन्हें मजबूरी में अपनी पोजिशन बेचनी पड़ी, जिससे बाजार में एक साथ बिकवाली बढ़ गई और दाम तेजी से गिरने लगे।

सर्राफा बाजार में भी भारी गिरावट

सर्राफा बाजार में भी कीमतों में तेज गिरावट देखी गई, हालांकि वायदा बाजार के मुकाबले यहां गिरावट कुछ कम रही।

इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार—

  • चांदी 40,638 रुपए सस्ती होकर 3,39,350 रुपए प्रति किलो पर आ गई
  • 24 कैरेट सोना 9,545 रुपए गिरकर 1,65,795 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया

विशेषज्ञों का कहना है कि सर्राफा बाजार शाम 5 बजे बंद हो जाता है, जबकि वायदा बाजार रात 12 बजे तक चलता है। इसी कारण फ्यूचर्स मार्केट में ज्यादा उतार-चढ़ाव देखने को मिला।

सोना खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

1. सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें:
हमेशा BIS हॉलमार्क वाला सर्टिफाइड गोल्ड ही लें। हॉलमार्क अल्फान्यूमेरिक होता है, जिससे सोने की शुद्धता की पहचान होती है।

2. कीमत जरूर क्रॉस चेक करें:
खरीद के दिन सोने की कीमत IBJA जैसी विश्वसनीय वेबसाइट से जरूर जांचें। 24, 22 और 18 कैरेट के भाव अलग-अलग होते हैं।

असली चांदी पहचानने के आसान तरीके

  • मैग्नेट टेस्ट: असली चांदी चुंबक से नहीं चिपकती
  • आइस टेस्ट: असली चांदी पर बर्फ बहुत जल्दी पिघलती है
  • स्मेल टेस्ट: असली चांदी में कोई गंध नहीं होती
  • क्लॉथ टेस्ट: सफेद कपड़े से रगड़ने पर काला निशान आए तो चांदी असली होती है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *