मंत्री प्रह्लाद पटेल के कड़े निर्देश, हर माह फील्ड विजिट और जिलों की ग्रेडिंग अनिवा
भोपाल। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री प्रह्लाद पटेल ने गुरुवार को विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर माह अनिवार्य रूप से फील्ड विजिट करें और योजनाओं की जमीनी हकीकत की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि कई जिलों में किए जा रहे अच्छे नवाचार सराहनीय हैं, इन्हें प्रदेश के अन्य जिलों में भी लागू किया जाना चाहिए, जिससे योजनाओं का प्रभाव और तेजी से बढ़े।
मंत्री पटेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर अनियमितता, फर्जीवाड़ा या गड़बड़ी सामने आती है तो तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। “सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीण जनता तक पहुंचे। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी,” उन्होंने सख्त लहजे में कहा।
बैठक में राज्य मंत्री राधा सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा के साथ-साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और स्वच्छ भारत मिशन की सामान्य सभा की बैठक भी आयोजित की गई।
जी राम जी योजना के क्रियान्वयन पर विशेष जोर
बैठक में मंत्री प्रह्लाद पटेल ने विकसित भारत ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका गारंटी (जी राम जी) योजना पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि भारत सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप “विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) विधेयक 2025” के सुचारु और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सभी तैयारियां निश्चित समय सीमा में पूरी की जाएं।
उन्होंने बताया कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के नए अवसर सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

गौरतलब है कि एक दिन पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री प्रह्लाद पटेल भी मौजूद रहे थे, जिसमें कांग्रेस पर जी राम जी योजना को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया गया था। इसी के बाद विभागीय स्तर पर यह महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई।
हर माह होगी जिला-वार ग्रेडिंग
मंत्री पटेल ने निर्देश दिया कि प्रदेश के सभी जिलों की परफॉर्मेंस का हर माह मूल्यांकन किया जाए और एक ग्रेडिंग सूची तैयार की जाए। इस व्यवस्था से जिलों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित होगी और अधिकारी अधिक जवाबदेही के साथ काम करेंगे।
उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए और कहा कि तकनीकी अमला नियमित निरीक्षण करे। किसी भी परियोजना में लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फील्ड विजिट से सुधार की उम्मीद
मंत्री पटेल ने कहा कि फील्ड विजिट से न केवल समस्याओं की सही स्थिति पता चलती है, बल्कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रहीं चुनौतियों का समाधान भी समय रहते किया जा सकता है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि—
- प्रत्यक्ष निरीक्षण करें
- लाभार्थियों से संवाद स्थापित करें
- योजनाओं की प्रगति की रिपोर्ट समय पर जमा करें
प्रदेश में ग्रामीण विकास कार्यों को गति देने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सरकार की मंशा है कि ग्रामीण जनता को योजनाओं का सीधा लाभ मिले और विकास की रफ्तार तेज हो।