ग्राम पंचायत झागर में थाना प्रभारी जय नारायण शर्मा का भव्य विदाई समारोह, ग्रामीणों ने दी आत्मीय शुभकामनाएं !

Spread the love

झागर | ग्राम पंचायत झागर में बुधवार को थाना फतेहगढ़ के प्रभारी जय नारायण शर्मा के सम्मान में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों और पुलिस स्टाफ ने मिलकर उन्हें ससम्मान विदा किया। समारोह का माहौल पूरी तरह उत्सव जैसा रहा और पूरे गांव में खुशी व अपनत्व की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में झागर चौकी प्रभारी एएसआई अनिल कदम, चौकी का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। समारोह के दौरान ग्रामीणों ने आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार थाना प्रभारी जय नारायण शर्मा का तिलक कर स्वागत किया। इसके बाद उन्हें सोफा बांधा गया, श्रीफल भेंट किया गया तथा फूल-मालाएं पहनाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

चौकी प्रभारी एएसआई अनिल कदम ने अपने संबोधन में कहा कि जय नारायण शर्मा का कार्यकाल क्षेत्र के लिए सराहनीय रहा है। उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन से संवाद और सहयोग की भावना से कार्य किया, जिससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत हुआ। झागर चौकी के समस्त स्टाफ ने भी शर्मा को उनके सेवा भाव, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए धन्यवाद देते हुए आगे के कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

विदाई समारोह में भूतपूर्व सरपंच गिरराज किरार, रामस्वरूप किरार, भूतपूर्व सरपंच परसौत्तम, मीणा खड़कपुर, कियोस्क संचालक श्यामसुंदर धाकड़, मुनीम, महाराज रत्नागिर सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने जय नारायण शर्मा के साथ अपने अनुभव साझा किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने उद्बोधन में जय नारायण शर्मा ने ग्रामीणों और पुलिस स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि झागर और आसपास के क्षेत्र का सहयोग उन्हें हमेशा याद रहेगा। उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के बीच सहयोग से ही क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखी जा सकती है। समारोह के अंत में सभी ने तालियों के साथ उन्हें विदाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *