ग्वालियर के सिटी सेंटर इलाके में गुरुवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक होटल के बाहर शराब के नशे में दो युवकों ने जमकर हंगामा किया। नशे में धुत युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। पास में रहने वाली महिलाओं ने जब उन्हें समझाने और शांत रहने के लिए टोका, तो दोनों युवकों ने महिलाओं से अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। इस घटना से आक्रोशित कॉलोनीवासियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों की पिटाई कर दी और बाद में पुलिस को बुलाकर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
होटल के बाहर शुरू किया हंगामा
घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर स्थित महेश नगर की है, जहां होटल इन पैलेस संचालित है। जानकारी के अनुसार, होटल में ठहरे दो युवक गुरुवार रात शराब के नशे में बाहर निकल आए और होटल के सामने गाली-गलौज करते हुए हंगामा करने लगे। उनकी आवाजों और हरकतों से कॉलोनी में रहने वाले लोग परेशान हो गए।

महिलाओं से की अभद्रता
होटल के सामने रहने वाली माला शर्मा ने अन्य महिलाओं के साथ मिलकर युवकों को हंगामा न करने की समझाइश दी। इस पर दोनों युवक और उग्र हो गए और महिलाओं से अभद्रता करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख महिलाओं के परिजन और आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
स्थानीय लोगों ने की पिटाई
महिलाओं से बदसलूकी होता देख कॉलोनीवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने दोनों नशे में धुत युवकों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही लोगों ने दोनों युवकों को उनके हवाले कर दिया।

CCTV फुटेज पुलिस को सौंपा
पुलिस दोनों युवकों को लेकर विश्वविद्यालय थाना पहुंची। इस दौरान कुछ स्थानीय लोग भी थाने पहुंचे। कॉलोनी में लगे CCTV कैमरों के फुटेज पुलिस को सौंपे गए हैं, जिनमें युवक होटल के बाहर हंगामा और अभद्रता करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
होटल पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस होटल से दोनों युवक बाहर आए थे, वहां अक्सर अवैध गतिविधियां होती हैं। होटल के कारण क्षेत्र में महिलाओं को असुरक्षा का माहौल महसूस होता है। लोगों ने पुलिस से होटल की गतिविधियों की भी जांच करने की मांग की है।
पुलिस का बयान
मामले में सीएसपी हिना खान ने बताया कि सिटी सेंटर क्षेत्र में होटल के बाहर दो युवकों द्वारा हंगामा करने की सूचना मिली थी। दोनों युवकों को पुलिस हिरासत में लिया गया है। CCTV फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।