चाकू की नोक पर लूट: मोतीनगर पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा !

Spread the love

सागर की मोतीनगर थाना पुलिस ने मंगलवार को लूट के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 8 दिसंबर को मीरा हॉस्पिटल के पास स्थित एक ऑनलाइन शॉप पर चाकू दिखाकर 10 हजार रुपए की लूट हुई थी। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी निशांत यादव (21) को पकड़ा है। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कूटी भी जब्त की है, जिसकी कीमत 50 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, विवेकानंद वार्ड निवासी नीलेश साहू ने अपनी पत्नी के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मीरा हॉस्पिटल के पास उनकी ऑनलाइन सामान की दुकान है। 8 दिसंबर की दोपहर करीब 12.30 बजे चार युवक- यश सोनी, निशांत यादव, अजय पटेल और प्रशांत पटेल दुकान पर आए। उन्होंने चाकू दिखाकर धमकाना शुरू कर दिया। चाकू देख नीलेश डरकर दुकान के अंदर चले गए। इसी बीच आरोपी यश सोनी काउंटर पर रखे 10 हजार रुपए लेकर भाग निकला।

पत्नी ने पीछा किया तो धक्का देकर फरार वारदात होते देख नीलेश की पत्नी ने आरोपियों का पीछा किया, लेकिन आरोपी उन्हें धक्का देकर मौके से फरार हो गया। उसके साथी भी बाइक से भाग निकले। शिकायत के आधार पर पुलिस ने लूट का मामला दर्ज किया और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगाईं। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों की लोकेशन मिली।

घेराबंदी कर दबोचा, कोर्ट में पेश लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी निशांत पिता जगतराज यादव (21), निवासी राजीवनगर वार्ड को हिरासत में लिया। थाने लाकर पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि आरोपी के पास से घटना में उपयोग की गई 50 हजार रुपए की स्कूटी जब्त की गई है। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *