छतरपुर: ईशानगर में सड़क किनारे मिले दो दोस्तों के शव, हत्या की आशंका के बीच पुलिस जांच में जुटी !

Spread the love

छतरपुर | ईशानगर क्षेत्र के पनौठा और जनकपुर के बीच सोमवार रात करीब 9 बजे सड़क किनारे बाइक सवार दो दोस्तों के शव बुरी हालत में मिले। मृतकों की पहचान गहरवार निवासी राजेन्द्र यादव (19) और संतोष अनुरागी (18) के रूप में हुई है। शवों के पास देसी कट्टा और मोबाइल रखा मिला, जबकि पास ही डीलक्स कंपनी की बाइक (MP 16 S 3388) भी पाई गई।

परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए बताया कि दोनों के सिर कुचलकर उन्हें मारा गया है। मौके पर शवों के बीच करीब 20 कदम की दूरी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस और फोरेंसिक जांच
घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने भी जांच की। एसपी अगम जैन ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है और यह स्पष्ट नहीं है कि किसने वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

दोनों दोस्त मजदूरी करते थे
मृतक राजेन्द्र यादव अपने परिवार में 2 भाई और 2 बहनों में सबसे छोटे और अविवाहित थे। उनके बड़े भाई गोविंद ई-रिक्शा चलाते हैं और पिता किसान हैं। परिवार के पास 4-5 एकड़ खेत है। वहीं संतोष अनुरागी अपने 2 भाइयों और 1 बहन में दूसरे नंबर का अविवाहित था। उनके बड़े भाई हरिराम मजदूरी करते हैं और पिता भी मजदूरी करते हैं।

इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं और मृतकों के परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर सभी संभावित एंगल से जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *