छतरपुर। जिले के बड़ामलहरा पुलिस अनुभाग अंतर्गत ग्राम सूरजपुरा कला में मारपीट की एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसमें 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार सुबह बड़ामलहरा स्थित अस्पताल तिगड्डा के सामने शव रखकर रास्ता जाम कर दिया और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
महिलाओं के भजन के दौरान हुआ विवाद
मृतक के बेटे सुंदर साहू, निवासी सूरजपुरा कला, ने बताया कि शुक्रवार शाम गांव में सगोना माता के पास महिलाएं भजन-कीर्तन कर रही थीं। इसी दौरान गांव का ही पप्पू खंगार शराब के नशे में वहां पहुंचा और अपनी बहन से विवाद करने लगा। जब 70 वर्षीय पुन्ना साहू ने बीच-बचाव करते हुए उसे समझाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उनसे गाली-गलौच करते हुए लात-घूंसों से मारपीट कर दी।
मारपीट के बाद पुन्ना साहू को सीने में तेज दर्द हुआ और उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए रवाना हुए, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

परिजनों का आक्रोश, अस्पताल के सामने जाम
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। शनिवार सुबह उन्होंने बड़ामलहरा के अस्पताल तिगड्डा के सामने शव रखकर चक्काजाम कर दिया। जाम के चलते कुछ समय तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने जाम समाप्त किया।
डॉक्टर ने की मौत की पुष्टि, जांच में जुटी पुलिस
अस्पताल में मौजूद डॉक्टर आदित्य पटेरिया ने बताया कि बुजुर्ग को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था और प्राथमिक जांच में उनकी मौत की पुष्टि हो गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है।