छतरपुर में रविवार देर रात एक दुखद घटना में 35 वर्षीय कार मैकेनिक नंदकिशोर कुशवाहा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह बसारी दरवाजे के पास अपने परिवार के साथ रहते थे। जानकारी के अनुसार, नंदकिशोर रविवार शाम अपनी पत्नी शोभा और बेटी के साथ ससुराल कदरी से लौट रहे थे, तभी ब्रजपुरा गांव के पास उनकी बाइक का एक्सीडेंट हो गया। हादसे में तीनों घायल हो गए थे। एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल लाया गया।

पति-पत्नी को मामूली चोटें आई थीं, जिसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दे दी गई, जबकि उनकी बेटी की हालत गंभीर होने के चलते उसे भर्ती किया गया। देर रात नंदकिशोर घर पहुंचे और अपने कमरे में जाकर रस्सी से फांसी लगा ली। कुछ देर बाद उनके 13 वर्षीय बेटे ने उन्हें फंदे पर लटका देखा और परिजनों को सूचित किया।

परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर राजेश मिश्रा ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम किया गया। सिटी कोतवाली टीआई अरविंद दांगी ने बताया कि मामले की जांच जारी है, आत्महत्या के कारण अज्ञात हैं।