छतरपुर। जिले में कोटवार संघ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के माध्यम से प्रमुख राजस्व आयुक्त, भोपाल को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिले के लगभग 60 से 70 कोटवार कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। कलेक्टर की अनुपस्थिति में कोटवारों ने एसएलआर को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
कोटवार संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से लंबित हैं, जबकि मुख्यमंत्री द्वारा इन मांगों को लेकर पूर्व में घोषणाएं भी की जा चुकी हैं। संघ के अनुसार 24 सितंबर 2023 को मुख्यमंत्री ने कोटवारों से संबंधित कई अहम घोषणाएं की थीं, लेकिन अब तक इन घोषणाओं पर कोई ठोस अमल नहीं हो पाया है।

कोटवारों की प्रमुख मांगों में सभी कोटवारों को वर्दी के लिए निर्धारित राशि का भुगतान, शासकीय कार्यों के सुचारु संचालन और बेहतर समन्वय के लिए प्रत्येक कोटवार को सीयूजी मोबाइल सिम उपलब्ध कराना, तथा प्रतिवर्ष वेतन में 500 रुपये की वृद्धि का प्रावधान लागू करना शामिल है। कोटवारों का कहना है कि इन घोषणाओं के बावजूद न तो संबंधित आदेश जारी किए गए हैं और न ही इनके क्रियान्वयन के लिए कोई समय-सीमा तय की गई है।

संघ ने ज्ञापन के माध्यम से शासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट करते हुए मांग की कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को शीघ्र प्रभाव से लागू कराया जाए। कोटवार संघ ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए विवश होंगे।

कोटवार संघ के जिलाध्यक्ष बाबूलाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं का पालन सुनिश्चित करना शासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो कोटवार संघ आंदोलन करेगा।
इस संबंध में एसएलआर आर.आर. गुप्ता ने बताया कि कोटवार संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में उनकी मांगों का उल्लेख किया गया है और इसे शासन स्तर तक भेजा जाएगा, ताकि उचित निर्णय लिया जा सके।