छतरपुर | जीएसटी एंटी एवीजन ब्यूरो की टीम ने जिले में टैक्स चोरी और कर संबंधी अनियमितताओं के मामलों में कार्रवाई करते हुए मंगलवार शाम चिराग गहना और राजश्री गुटखा कारोबारी के प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। यह कार्रवाई स्टेट टैक्स ऑफिसर सतना, सोमेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई।
चिराग गहना पर छापा
टीम ने मंगलवार शाम करीब 5:45 बजे छतरपुर स्थित चिराग गहना के प्रतिष्ठान पर छापेमारी की। अधिकारियों ने बताया कि रिकॉर्ड में जीएसटी की संभावित हेराफेरी की आशंका के चलते यह कार्रवाई की गई। प्रतिष्ठान के दस्तावेजों और स्टॉक का गहन परीक्षण किया जा रहा है। यह कार्रवाई जीएसटी अधिनियम की धारा 57(2) के तहत की गई है।

अधिकारियों ने कहा कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और दस्तावेजों के सत्यापन व स्टॉक मिलान के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। छापेमारी मंगलवार शाम से शुरू होकर बुधवार तक जारी रहने की संभावना है। जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुँचा जाएगा।
राजश्री गुटखा कारोबारी पर 2 लाख रुपये की पेनल्टी
इसी दौरान जीएसटी एंटी एवीजन ब्यूरो सतना ने राजश्री गुटखा कारोबारी कृष्ण कुमार अग्रवाल की फर्म में भी कर संबंधी अनियमितताएं पाई। प्रारंभिक जांच के अनुसार, कारोबारी ने विभाग के समक्ष 14 लाख रुपये टैक्स राशि के रूप में सरेंडर किए और 2 लाख रुपये पेनल्टी के रूप में जमा कराए। इस प्रकार कुल 16 लाख रुपये की वसूली हुई।
सहायक आयुक्त जीएसटी एंटी एवीजन सतना, नवीन दुबे ने बताया कि जांच के दौरान फर्म के लेखा-जोखा, खरीद-बिक्री और स्टॉक से जुड़े रिकॉर्ड में गड़बड़ियां पाई गईं। मौके पर कार्रवाई करते हुए फर्म से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं। अब इन दस्तावेजों का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि कारोबारी को नोटिस जारी किया जाएगा और उसका पक्ष लिया जाएगा। यदि आगे भी अनियमितताएं पाई जाती हैं, तो अतिरिक्त टैक्स, ब्याज और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई छतरपुर में जीएसटी नियमों के अनुपालन और कर चोरी रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।