छतरपुर में ठंड से मिली राहत !

Spread the love

छतरपुर। जिले में गुरुवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिली है। गुरुवार सुबह 8:30 बजे न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि यह तापमान बुधवार के मुकाबले 3.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा, लेकिन सुबह से आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने से ठंड का असर कम महसूस किया गया।

बुधवार को जिले का न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो गुरुवार को गिरकर 8.2 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं सुबह के समय तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

दिन में बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। गुरुवार को आसमान साफ रहने और धूप निकलने के कारण दिन का अधिकतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। इससे दिन के समय लोगों को ठंड से और अधिक राहत मिलेगी।

आर्द्रता और दृश्यता का हाल

गुरुवार को मौसम में 91 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई है। वहीं दृश्यता 100 से 200 मीटर के बीच रही, जिससे सुबह हल्की धुंध का असर देखा गया। हालांकि सूरज निकलते ही धुंध धीरे-धीरे छंट गई।

7 और 8 फरवरी को बदलेगा मौसम

मौसम विभाग ने आगामी दिनों को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार 7 और 8 फरवरी को मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण दिल्ली और पंजाब बेल्ट से बादल मध्यप्रदेश की ओर बढ़ सकते हैं। इसके असर से छतरपुर जिले में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

पश्चिमी विक्षोभ बना बदलाव की वजह

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, हाल ही में हुए मौसम परिवर्तन का मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ है। इसके प्रभाव से तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहने, न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने और ठंड के असर में कमी आने की संभावना है।

लोगों को मिली राहत

लगातार बदलते मौसम के बीच गुरुवार की धूप ने लोगों को राहत दी है। सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रहेगी, लेकिन दिन में मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *