पश्चिमी विक्षोभ के असर से बूंदाबांदी की संभावना, बादल छंटते ही फिर लौटेगी ठंड
छतरपुर। जिले में शनिवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। आसमान में घने बादल छाए रहने के कारण ठंड के तेवर कुछ नरम पड़े हैं। बादलों की मौजूदगी से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शनिवार सुबह 8:30 बजे न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो शुक्रवार के 10 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 1.3 डिग्री अधिक रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके चलते जिले में आज कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना भी जताई गई है।
सुबह 10 बजे तक नहीं निकला सूरज

शनिवार सुबह से ही आसमान पूरी तरह बादलों से ढका रहा। घने बादलों और कोहरे के कारण सुबह 10 बजे तक सूरज के दर्शन नहीं हो सके। मौसम विभाग ने दोपहर 12 बजे के बाद बादल छंटने और धूप निकलने की संभावना जताई है।
सुबह के समय वातावरण में नमी का स्तर काफी अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आर्द्रता 94 प्रतिशत तक पहुंच गई, जबकि दृश्यता घटकर मात्र 200 मीटर रह गई। कम दृश्यता के कारण सुबह के समय सड़कों पर वाहन चालकों को भी सावधानी बरतनी पड़ी।
दिन का तापमान रहेगा सामान्य से कम
बादलों की वजह से दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं सुबह का तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बादल छंटते ही फिर बढ़ेगी ठंड

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बादलों की वजह से रात के तापमान में बढ़ोतरी होती है, जबकि दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जाती है। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने और 26 जनवरी तक मौसम साफ होने के बाद एक बार फिर ठंड का असर बढ़ सकता है।
आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के साथ कड़ाके की सर्दी पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है।