छतरपुर में बस पलटी, कई यात्री घायल !

Spread the love

छतरपुर जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चंदला से छतरपुर की ओर जा रही यात्री बस (वाहन नंबर MP16P0276) खड्डी पहरा के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में 5 से 6 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें एक वृद्ध महिला की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। अन्य घायलों को हल्की चोटें आई हैं।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर गौरिहार अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खड्डी पहरा क्रॉसिंग के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार के कारण सीधा खेत की ओर जाकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया।

गौरिहार थाना प्रभारी संदीप दीक्षित ने बताया कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और गंभीर रूप से घायल किसी एक महिला को बेहतर उपचार के लिए रेफ़र किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच जारी है और बस के अनियंत्रित होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

स्थानीय पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। हादसे के बाद यात्रियों में डर का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *