बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर हमला:छतरपुर में युवक को हंसिया-पत्थरों से मारा; सिर में गंभीर चोट, जिला अस्पताल रेफर
छतरपुर (मध्य प्रदेश)4 घंटे पहले
छतरपुर जिले के सटई थाना क्षेत्र अंतर्गत हिम्मतपुरा गांव में अपनी बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर गांव के ही कुछ युवकों ने बब्लू अहिरवार नामक युवक पर हंसिया और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बब्लू के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
वर्तमान में घायल को नाजुक हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर छेड़छाड़ के एंगल से भी जांच शुरू कर दी है।

समझाने पर भड़के आरोपी, हंसिया और पत्थरों से किया हमला
परिजनों के अनुसार, गांव के कुछ युवक लंबे समय से बब्लू की बहन को परेशान कर रहे थे और आए दिन छेड़छाड़ करते थे। परिवार ने पहले भी इस पर नाराजगी जताई थी। बताया जा रहा है कि जब बब्लू ने आरोपियों को समझाने की कोशिश की, तो वे भड़क गए। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने हंसिया और पत्थरों से उस पर हमला कर दिया। इस हमले में बब्लू के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में किया जिला अस्पताल रेफर
घटना के बाद परिजनों ने घायल बब्लू को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बब्लू फिलहाल जिला अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष और ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बन रहा है।

टीआई बोलीं- दोनों पक्षों पर दर्ज किया मारपीट का मामला
सटई थाना प्रभारी सुनीता बिंदुआ ने बताया कि, “हिम्मतपुरा गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें दोनों पक्षों ने मारपीट की है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। छेड़छाड़ की बात सामने आई है और इस मामले में जांच जारी है। डॉक्टरी रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी|