छतरपुर में लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। ओरछा रोड थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव के 25 वर्षीय हरवंश राजपूत शुक्रवार सुबह 11 बजे सिद्धेश्वर मंदिर के पास नाला पार करते समय साइकिल समेत तेज बहाव में बह गए। हरवंश चाट का ठेला लगाता था। हादसे की सूचना पर रेस्क्यू टीम ने तलाश शुरू की और करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद शाम 4 बजे मंदिर के पीछे झाड़ियों से उसका शव बरामद किया गया।

ओरछा थाना प्रभारी दीपक यादव ने बताया कि हरवंश ने रात में भी नाला पार करने की कोशिश की थी, जिसे लोगों ने रोका था। सुबह तेज बारिश से नाला उफान पर था, और नशे की हालत में हरवंश गलत दिशा से नाले में घुस गया। घटनास्थल पर छतरपुर विधायक ललिता यादव, सिटी कोतवाली और ओरछा थाना पुलिस पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने बारिश और बाढ़ को लेकर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।