छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला अपने डेढ़ वर्ष के मासूम बच्चे को घर में छोड़कर अचानक लापता हो गई। बुधवार सुबह करीब 11 बजे हुई इस घटना ने परिवार को चिंता और सदमे में डाल दिया है। परिजनों का आरोप है कि महिला किसी प्रेमी के साथ फरार हुई है, हालांकि पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सुबह अचानक घर से गायब हुई सुमन
परिजनों के मुताबिक 3 साल पहले विवाह हुई महिला सुमन सुबह अचानक घर से गायब हो गई। काफी देर तक वह वापस नहीं लौटी तो परिवार ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। कई घंटे की खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

मोबाइल, नगदी और जेवर भी ले गई
परिजनों का यह भी कहना है कि सुमन अपने साथ मोबाइल फोन, घर में रखी नगदी और कुछ जेवर भी ले गई है। इससे परिजन आशंकित हैं कि महिला किसी के साथ ही गई होगी। हालांकि वह किसके साथ गई और कहां गई—इसकी कोई स्पष्ट जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है।
सूरत में रहता है पति, 25 दिन पहले लौटी थी ससुराल
जानकारी के अनुसार, सुमन का पति सूरत में मजदूरी करता है। सुमन पिछले लगभग 25 दिनों से ससुराल में रह रही थी। इससे पहले वह सूरत में पति के साथ ही रहती थी।

मासूम बच्चे की हालत खराब, रो-रोकर परेशान
सबसे भावुक पहलू यह है कि सुमन अपने डेढ़ साल के बच्चे को घर में छोड़कर गई है। बच्चा लगातार मां को खोज रहा है और रो रहा है, जिससे घर के बुजुर्ग बेहद परेशान हैं। महिला की सास और देवर ने लवकुशनगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने गुम इंसान दर्ज कर शुरू की तलाश
शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। लवकुशनगर पुलिस ने महिला की तलाश शुरू कर दी है, साथ ही मोबाइल लोकेशन और संभावित स्थानों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने महिला को ढूंढ लिया, थाने में बयान लिए जा रहे
अद्यतन जानकारी के अनुसार, पुलिस ने महिला को ढूंढकर थाने में बैठाया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह कहां गई थी और किसके साथ गई थी।
सभी संभावित पहलुओं पर जांच—एसडीओपी
लवकुशनगर के एसडीओपी नवीन दुबे का कहना है कि मामले में किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।
“सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। महिला के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।”