छतरपुर | छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटा में युवक संतोष पटेल की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल संतोष को परिजन करीब 18 किलोमीटर दूर मोटरसाइकिल से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और जिला अस्पताल के गेट के बाहर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

डॉक्टरों द्वारा मौत की पुष्टि के बाद पुलिस शव को मॉर्चुरी में रखने की तैयारी कर रही थी, लेकिन परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान अस्पताल परिसर में पुलिस और परिजनों के बीच झूमा-झटकी भी हुई। हालात बिगड़ते देख मौके पर सीएसपी अरुण कुमार सोनी, सिविल लाइन थाना प्रभारी और अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा। काफी देर तक समझाइश के बाद परिजनों को शांत कराया गया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी भेजा गया।
आरोपियों पर ₹10 हजार का इनाम, 8 टीमें गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए छतरपुर एसपी अगम जैन ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर ₹10 हजार का इनाम घोषित किया है। आरोपियों की तलाश के लिए 8 विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने अब तक 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

जमीन विवाद बना हत्या की वजह
मृतक के छोटे भाई रामदयाल पटेल ने बताया कि यह विवाद उनके दादा द्वारा मंदिर के लिए दी गई जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा था। इसी जमीन को लेकर पहले भी कई बार विवाद और तनाव की स्थिति बन चुकी है। रामदयाल के अनुसार, करीब एक महीने पहले भी आरोपियों ने उनके घर के सामने फायरिंग की थी और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए थे।

जमानत पर छूटे आरोपी पर फायरिंग का आरोप
परिजनों का आरोप है कि इस मामले में पहले चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था, जिनमें से तीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि एक आरोपी फरार था। घटना वाले दिन वही आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आया और उसी ने संतोष पटेल पर गोली चलाई। इतना ही नहीं, परिजनों का दावा है कि हत्या के बाद उनके घर पर दोबारा फायरिंग की गई, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई।
एसपी बोले- गांव में तैनात किया गया पुलिस बल
एसपी अगम जैन ने बताया कि राजनगर थाना क्षेत्र में गोली मारकर हत्या की घटना हुई है। आरोपियों की तलाश तेजी से की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। परिजन दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।