छतरपुर में 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा के प्रश्न पत्र कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखे गए !

Spread the love

छतरपुर। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्न पत्र कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच छतरपुर पहुंचे और उन्हें स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया। यह कार्य जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, बोर्ड के प्रतिनिधि और डीईओ शिक्षा विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया।

छतरपुर के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 में बनाए गए स्ट्रांग रूम में कुल 796 बॉक्स में अलग-अलग विषयों के प्रश्न पत्र रखे गए हैं। इनकी सुरक्षा के लिए 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड तैनात रहेंगे। प्रश्न पत्रों को लाने वाले जीपीएस सिस्टम से लैस ट्रक की सभी इलेक्ट्रॉनिक और सामान्य लॉकिंग व्यवस्था की जांच जिला पंचायत सीईओ ने स्वयं की।

आगामी 6 और 7 फरवरी को ये प्रश्न पत्र केंद्रवार संबंधित पुलिस थानों में पहुंचाए जाएंगे। परीक्षा के दिन इन्हें केंद्र अध्यक्ष और कलेक्टर द्वारा नियुक्त प्रतिनिधियों की उपस्थिति में परीक्षा केंद्रों तक ले जाया जाएगा। परीक्षा केंद्र पर प्रश्न पत्र कलेक्टर प्रतिनिधि की मौजूदगी में ही खोले जाएंगे।

एमपी बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों पर केवल कलेक्टर प्रतिनिधियों को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति दी है। इसका उद्देश्य आवश्यक पासवर्ड, छात्रों की उपस्थिति और अनुपस्थिति की जानकारी तुरंत भेजना बताया गया है।

जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने कहा कि जिला प्रशासन ने परीक्षाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की पूरी तैयारी कर ली है। उन्होंने अभिभावकों और छात्रों से भी सहयोग की अपील की, ताकि परीक्षा शांति और अनुशासन के साथ संपन्न हो सके।

यह व्यवस्था छात्रों की सुरक्षा और परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लागू की गई है। बोर्ड परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो, इसके लिए प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *