छतरपुर में 20 वर्षीय युवक की साइलेंट अटैक से मौत !

Spread the love

छतरपुर।
छतरपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़कुल चौक निवासी 20 वर्षीय पार्श उर्फ केशु जैन की शुक्रवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। इस घटना से परिवार, स्थानीय व्यापारी वर्ग और जैन समाज में शोक की लहर फैल गई है। युवक की असमय मौत से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है।

परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे केशु जैन अपने घर पर नाश्ता कर रहे थे, तभी उन्हें अचानक सीने और पेट में तेज दर्द महसूस हुआ। दर्द बढ़ने पर परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन डीसी प्लाजा के समीप रास्ते में ही उनकी हालत अत्यंत गंभीर हो गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

स्वस्थ और सक्रिय था युवक
परिजनों और आसपास के व्यापारियों ने बताया कि केशु जैन अपनी मां के साथ बड़कुल चौक स्थित मोनिका मैचिंग दुकान पर बैठता था और साथ ही कॉलेज में पढ़ाई भी कर रहा था। वह सामान्य रूप से स्वस्थ, सक्रिय और ऊर्जावान युवक था। किसी प्रकार की गंभीर बीमारी की जानकारी पहले नहीं थी, जिससे उसकी अचानक हुई मौत ने परिवार और परिचितों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

इलाके में शोक, व्यापारियों ने जताया दुख
घटना की सूचना मिलते ही बड़कुल चौक क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। आसपास के दुकानदारों और परिचितों ने दुकानें बंद रखकर शोक व्यक्त किया। जैन समाज के लोगों ने भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

मौत के कारणों को लेकर चर्चाएं, जांच की मांग
परिवार के सदस्यों और कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के वर्षों में युवाओं में हार्ट अटैक और साइलेंट अटैक जैसी घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने इस मामले की चिकित्सकीय जांच की मांग की है, ताकि मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सके।
हालांकि, चिकित्सकीय विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी आकस्मिक मृत्यु के कारणों का निष्कर्ष केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के आधार पर ही निकाला जा सकता है। बिना चिकित्सकीय पुष्टि के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *