छिंदवाड़ा बच्चों की मौत पर कांग्रेस ने स्वास्थ्य मंत्री को घेरा !

Spread the love

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतु पटवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में छिंदवाड़ा में हुई बच्चों की मौत को गंभीर बताते हुए कहा कि यह बीमारी से नहीं, बल्कि बच्चों की गैर इरादतन हत्या है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल से तत्काल इस्तीफा मांगा और ड्रग कंट्रोलर पर भी एफआईआर दर्ज करने तथा सीबीआई जांच की मांग की।

जीतु पटवारी ने बताया कि मध्यप्रदेश स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण अब तक 25 बच्चों की मौत हो चुकी है। पिछले तीन महीनों में विभिन्न जिलों में लगभग 150 बच्चों की मौत हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के नागपुर ने 19 सितंबर 2025 को रिपोर्ट भेजी थी, जिसमें बच्चों की मौत को विशेष बीमारी से जोड़कर बताया गया, लेकिन मध्यप्रदेश स्वास्थ्य विभाग ने इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया।

पटवारी ने कहा कि 3 सितंबर को पहले बच्चे की मौत हुई थी, और इसके बाद भी 8 बच्चों के पोस्टमार्टम तक नहीं कराए गए। स्वास्थ्य मंत्री दशहरा मनाते रहे और विभागीय मंत्रियों की बैठक भी नहीं ली। उन्होंने सोनू राणा नामक व्यक्ति का जिक्र किया, जो स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल कंपनियों से डील करवा रहा है, और मंत्री के साथ उसकी फोटो भी जारी की।

कांग्रेस ने ऐलान किया कि मध्यप्रदेश के प्रत्येक जिले में बच्चों के हॉस्पिटल के बाहर उपवास और प्रदर्शन किया जाएगा। पटवारी ने तमिलनाडु सरकार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *