छतरपुर। Chhatarpur जिले के परसनियां गांव में छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराने के बाद एक परिवार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिकायत से नाराज आरोपियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें 16 वर्षीय छात्रा सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शराब पीकर महिलाओं से की छेड़छाड़
पीड़ित परिवार के सदस्य के अनुसार गुरुवार को गांव के मोतीलाल कुशवाहा और उनके कुछ साथी उनकी बहन के घर के सामने शराब पी रहे थे। इस दौरान उन्होंने गाली-गलौज करते हुए घर की महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की।
जब परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने उसी रात अटकोंहां चौकी पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट वापस लेने का बनाया दबाव
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शिकायत की जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार सुबह आरोपी उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाने लगे। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए।
घर में घुसकर किया हमला

पीड़ित के अनुसार जब उन्होंने शिकायत वापस लेने से इनकार कर दिया तो शुक्रवार दोपहर आरोपी फिर से घर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इस हमले में सुमन्नीलाल की बहन, उनके बहनोई और 16 वर्षीय भांजी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल तीनों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि मोतीलाल कुशवाहा, उनकी पत्नी और बेटी ने घर में घुसकर मारपीट की और शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया।
दोनों पक्षों पर मामला दर्ज
मामले में अटकोंहां चौकी प्रभारी सोहन संयाम ने बताया कि यह दोनों पक्षों के बीच का पारिवारिक विवाद है। दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे और दोनों के खिलाफ समान धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।