जननायक कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों पर चलकर ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव : विधायक प्रदीप लारिया !

Spread the love

सागर | 01 फरवरी 2026

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
रिपोर्टर – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जी के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर सेन शक्ति महासंगठन मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित ‘सेन सम्मान समारोह’ का आयोजन सागर में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा वर्ग ने सहभागिता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रदीप लारिया ने जननायक कर्पूरी ठाकुर के व्यक्तित्व, विचारधारा और सामाजिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समरसता की जीवंत मिसाल थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की लड़ाई में समर्पित कर दिया। उनका सादा जीवन और उच्च विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं।

विधायक लारिया ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर जी द्वारा प्रतिपादित ‘अंत्योदय’ का विचार, यानी समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान की सोच, आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। उन्होंने सेन समाज की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज सदैव सामाजिक समरसता, सेवा और संगठन के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य करता आया है।

इस अवसर पर विधायक ने केंद्र सरकार द्वारा जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने के निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि देश के करोड़ों वंचितों, पिछड़ों और मेहनतकश वर्ग के आत्मसम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय सामाजिक न्याय की दिशा में एक मजबूत संदेश देता है।

कार्यक्रम में विधायक प्रदीप लारिया ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को कर्पूरी ठाकुर जी के संघर्ष, सादगी और सिद्धांतों से प्रेरणा लेनी चाहिए। शिक्षा, संगठन और सकारात्मक सोच के माध्यम से ही समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

समारोह के दौरान सेन समाज की विभिन्न प्रतिभाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विशिष्ट योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। विधायक लारिया ने सेन शक्ति महासंगठन द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की।

इस गरिमामय अवसर पर सेन शक्ति महासंगठन के पदाधिकारी, समाज के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि, युवा वर्ग एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, सम्मान और प्रेरणा का भाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *