भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में उनके जीवन से जुड़े संकल्प संदेश को जन-जन तक पहुँचाने हेतु पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय में जनप्रतिनिधि-युवा संवाद का भव्य आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम महाविद्यालय के भारतीय ज्ञान सभागृह में संपन्न हुआ, जहाँ मुख्य अतिथि के रूप में नरयावली विधायक शैलेंद्र कुमार जैन उपस्थित रहे। मंच पर विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव सिरौठिया, महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष नितिन शर्मा, समाजसेवी जगन्नाथ गुरैया, युवा नेता मनीष चौबे, यश अग्रवाल, नीरज यादव, नितिन सोनी, राहुल वैद्य एवं महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता मंचासीन रहे।

वृतचित्र से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित लघु वृतचित्र “चलो जीते हैं” के प्रदर्शन से हुई। विद्यार्थियों ने इस वृतचित्र के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी की संघर्षपूर्ण यात्रा, उनकी साधारण पृष्ठभूमि से उठकर विश्व राजनीति में शीर्ष स्थान तक पहुँचने की प्रेरक कहानी को आत्मसात किया।
विधायक जैन का संबोधन: “संकल्प ही सफलता की कुंजी”
मुख्य अतिथि विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जीवन की प्रत्येक घटना युवाओं के लिए एक सबक है। उन्होंने कहा –
“गरीबी और विपरीत परिस्थितियाँ किसी के लिए बाधा नहीं बनतीं, यदि व्यक्ति के भीतर संकल्प शक्ति हो। श्री मोदी ने अपने जीवन में हर चुनौती को अवसर में बदला है। विद्यार्थी भी शिक्षा के साथ पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकते हैं।”

विधायक जैन ने प्रधानमंत्री की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर नल योजना, आयुष्मान भारत, जन धन योजना और उज्ज्वला योजना ने आम नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर भारत को विश्वशक्ति और विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लें।
विद्यार्थियों से भावुक अपील
विधायक जैन ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा –
“युवाओं से ही देश में क्रांति भी आती है और शांति भी। संक्रमण के इस दौर में आप संकल्प के साथ आगे बढ़ें। याद रखिए – तुम विधाता राष्ट्र के, नवयुग का निर्माण तुम करो… समाज का निर्माण तुम करो।”
उन्होंने काव्य पंक्तियों “उठो जवान देश की वसुंधरा पुकारती, देश है पुकारता, पुकारती मां भारती” का उल्लेख कर विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण का उत्साह भरा।
प्राचार्य का उद्बोधन: “सेवा पखवाड़ा में विद्यार्थियों की अहम भूमिका”
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने स्वागत भाषण में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे सेवा पखवाड़ा में महाविद्यालय भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की सहभागिता से स्वच्छता रैली, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम और लघु एवं कुटीर उद्योगों के संरक्षण से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन सभी आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थी सेवा और संकल्प का संदेश समाज में प्रसारित करेंगे।
अन्य अतिथियों के विचार
- गौरव सिरौठिया ने युवाओं से कहा कि वे वृतचित्र से प्रेरणा लेकर सेवा भाव और दूसरों की मदद करने की आदत डालें।
- श्याम तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की जीवन यात्रा इस बात का प्रमाण है कि धन का अभाव और कठिन परिस्थितियाँ मजबूरी नहीं बल्कि अवसर बन सकती हैं, यदि व्यक्ति के पास दृढ़ संकल्प और इच्छा शक्ति हो।
संचालन और आभार
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमर कुमार जैन, प्राध्यापक वाणिज्य ने किया जबकि आभार ज्ञापन नितिन शर्मा, अध्यक्ष जनभागीदारी समिति ने किया।