जबलपुर। जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत शिव शक्ति नगर के पास स्थित एक चर्च में रविवार को उस समय जमकर हंगामा हो गया, जब हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता वहां पहुंचे और प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण कराए जाने का आरोप लगाया। आरोपों के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और अफरा-तफरी में बदल गई।

प्रार्थना सभा के दौरान बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 11 बजे हिंदू सेवा परिषद के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि शिव शक्ति नगर के पास स्थित चर्च में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हैं, जिनमें कुछ हिंदू दूसरे जिलों से भी आए हैं। सूचना के बाद कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उस समय प्रार्थना भवन में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने केवल यह पूछा कि यहां इतनी भीड़ क्यों है और लोग कहां-कहां से आए हैं। इसी बात पर चर्च में मौजूद लोग भड़क गए और विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि प्रार्थना भवन में मौजूद लोगों ने लोहे की रॉड और हॉकी से हमला किया, साथ ही पथराव भी किया गया।

चर्च पक्ष का आरोप- जय श्रीराम के नारे लगाते हुए घुसे
वहीं चर्च में मौजूद लोगों ने आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि प्रार्थना सभा के दौरान 15 से 20 युवक अचानक चर्च में घुस आए और ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाने लगे। उन्होंने कुर्सियां उछाल दीं, जिससे भय का माहौल बन गया। चर्च में मौजूद जितेंद्र बर्मन ने आरोप लगाया कि महिलाओं और बच्चों के साथ भी मारपीट की गई।
जितेंद्र बर्मन ने कहा कि चर्च में केवल प्रभु की आराधना होती है, धर्मांतरण नहीं। वर्षों से लोग अपनी मर्जी से यहां आते हैं और प्रार्थना करते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अन्य पूजा स्थलों पर कोई हस्तक्षेप नहीं करता, तो उनकी प्रार्थना सभा में हंगामा क्यों किया गया।

धर्मांतरण के गंभीर आरोप
हिंदू सेवा परिषद के प्रदेश सचिव निखिल कनोजिया ने आरोप लगाया कि चर्च में लंबे समय से पैसे और जमीन का लालच देकर हिंदुओं का धर्मांतरण कराया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि मौके पर 100 से अधिक लोग मौजूद थे, जिनमें हिंदू और ईसाई दोनों समुदाय के लोग शामिल थे। हिंदू लोगों से प्रार्थना कराई जा रही थी और उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि पहले इस तरह की गतिविधियां आदिवासी क्षेत्रों तक सीमित थीं, लेकिन अब शहरों में भी यह नेटवर्क फैल रहा है।
पुलिस ने संभाले हालात, दो युवक हिरासत में
हंगामे की सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने हंगामा करने वाले दो युवकों को हिरासत में लिया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।
मामले में एसआई विनीता गारोत ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें ली जा रही हैं। जांच के बाद जिस पक्ष की ओर से एफआईआर दर्ज कराई जाएगी, उसके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
एक दिन पहले भी हुआ था विवाद
उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले शनिवार को भी कटंगा स्थित एक चर्च में इसी तरह का विवाद सामने आया था। वहां हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया था कि ब्लाइंड बच्चों को जबरन चर्च लाया जा रहा है। उस मामले में भी कहासुनी के बाद हंगामा हुआ था, जिसे गोरखपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया था।
फिलहाल माढ़ोताल के चर्च में हुए विवाद को लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।